माओवादियों के बंद का ओडिशा, झारखंड के कुछ हिस्सों में आंशिक असर

माओवादियों के 24 घंटे के बंद के आह्वान का सोमवार को ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों में आंशिक असर देखने को मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

Updated : 16 May 2023, 10:44 AM IST
google-preferred

जमशेदपुर: माओवादियों के 24 घंटे के बंद के आह्वान का सोमवार को ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों में आंशिक असर देखने को मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

ओडिशा के भवानीपटना-थुआमुल रामपुर-काशीपुर मार्ग पर लगाए गए एक आईईडी को निष्क्रिय कर दिया गया।

झारखंड के कम से कम चार जिलों- पश्चिमी सिंहभूम, गढ़वा, लातेहार और पलामू के ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ क्योंकि कुछ बाजार बंद रहे और सड़कों पर कम वाहन चले लेकिन इस दौरान ट्रेन और लंबी दूरी की बस सेवाएं सामान्य रहीं।

हालांकि, इन जिलों के शहरी इलाकों में बंद का कोई खास असर नहीं दिखा।

पलामू जोन के महानिरीक्षक राजकुमार लाकड़ा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि गढ़वा, लातेहार और पलामू से दोपहर बाद तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि बाजार कुछ हद तक प्रभावित हुए, खासकर ग्रामीण इलाकों में पुलिस को सतर्क कर दिया गया है।

पश्चिमी सिंहभूम में बंद का असर गोइलकेरा और सोनुआ के माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में देखा गया, जहां बाजार बंद रहे और सार्वजनिक परिवहन के कुछ वाहन सड़कों पर नजर आए।

झारखंड के चतरा जिले में पुलिस मुठभेड़ में पांच माओवादियों के मारे जाने के विरोध में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन ने रविवार आधी रात से शुरू हुए बंद का आह्वान किया था।

चतरा जिले में तीन अप्रैल को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच माओवादी मारे गए थे जिन पर कुल 60 लाख रुपये का इनाम था।

पड़ोसी राज्य ओडिशा में बंद के आह्वान का 30 में से सात जिलों के कुछ ग्रामीण इलाकों में आंशिक असर देखा गया।

कालाहांडी के जिला मुख्यालय भवानीपटना से लगभग पांच किलोमीटर दूर कितपदार में कथित रूप से माओवादियों द्वारा लगाए गए एक आईईडी को निष्क्रिय कर दिया गया। भवानीपटना-थुआमुल रामपुर-काशीपुर रोड को अवरुद्ध करने के लिए काटे गए पेड़ों को हटा दिया गया और वहां मौके पर माओवादी पोस्टर पाए गए।

कालाहांडी के पुलिस अधीक्षक अभिलाष जी ने कहा, ‘‘एक बड़ी घटना टल गई। खोजी एवं तलाशी अभियान के अलावा गश्त बढ़ा दी गयी है।’’

भाकपा (माओवादी) ने अपनी 12 सूत्री मांगों के समर्थन में ओडिशा के सात जिलों-कालाहांडी, कंधमाल, नयागढ़, बौध, रायगड़ा, गजपति और गंजाम जिलों में बंद का आह्वान किया है।

 

Published : 
  • 16 May 2023, 10:44 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement