मणिपुर के मुख्यमंत्री ने राज्य के सुरक्षा बलों पर हमले को लेकर की चिंता व्यक्त

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने राज्य के सुरक्षा बलों पर हमले को लेकर चिंता व्यक्त की और कहा कि एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही केंद्रीय नेताओं से मिलने और उन्हें स्थिति से अवगत कराने के लिए नयी दिल्ली जाएगा। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 1 January 2024, 10:49 AM IST
google-preferred

इंफाल: मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने राज्य के सुरक्षा बलों पर हमले को लेकर चिंता व्यक्त की और कहा कि एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही केंद्रीय नेताओं से मिलने और उन्हें स्थिति से अवगत कराने के लिए नयी दिल्ली जाएगा।

सिंह का बयान शनिवार को टेंग्नौपाल जिले के सीमावर्ती कस्बे मोरेह में एक हमले में राज्य पुलिस के पांच कमांडो के घायल होने के बाद आया है। घायल कमांडो को हवाई मार्ग से इंफाल ले जाया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हाल के दिनों में राज्य के सुरक्षा बलों के खिलाफ अभूतपूर्व हमले एक गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा खतरा बन गए हैं। राज्य और केंद्रीय सुरक्षा बल सक्रिय रूप से स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने में लगे हुए हैं, संयुक्त सुरक्षा बलों के लिए इन तत्वों से निपटने के लिए एक मजबूत और व्यापक दृष्टिकोण अपनाना भी जरूरी है। ये तत्व लगातार मणिपुर राज्य को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं।’’

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मुख्यमंत्री ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष ए. शारदा देवी, मंत्रियों, विधायकों और पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और उनसे राज्य के हालात पर चर्चा की।

सिंह ने कहा कि एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही नयी दिल्ली जाकर केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर उन्हें मणिपुर के हालात से अवगत कराएगा।

Published : 
  • 1 January 2024, 10:49 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement