
माणा: उत्तराखंड के चमोली जनपद में स्थित माणा के पास में ग्लेशियर टूटने से बड़ा हादसा हो गया। चार धामों में से एक प्रमुख धाम बद्रीनाथ के निकट स्थित देश के अंतिम गांव माणा के पास शुक्रवार सुबह बर्फ के पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर गिरा, जिसकी चपेट में 57 मजदूर आ गये। ये सभी मजदूर यहां बीआरओ के लिये काम कर रहे थे।
ग्लेशियर टूटने की घटना की सूचना मिलते ही आईटीबीपी, बीआरओ और अन्य बचाव दलों की टीम मौके पर पहुंची और रेसक्यू अभियान शुरू किया। इस खबर को सबसे डाइनामाइट न्यूज़ ने ब्रेक किया और अब हम आपको बताने जा रहे हैं इस खबर से जुड़ा हर अपडेट।
32 मजदूरों को निकाला गया बाहर
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, ग्लेशियर टूटने से बर्फ में दबे 57 श्रमिकों में से अब तक 32 मजदूरों को निकाल लिया गया है लेकिन अब भी कई मजदूर लापता बताये जा रहे हैं। वहीं तीन मजदूरों को गंभीर हालत में सेना चिकित्सालय भेजा गया है।
इस घटना से क्षेत्र में बड़ी तबाही की आशंका जतायी जा रही है। बीआरओ के कैंप को भी नुकसान पहुंचने की सूचना सामने आई है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
जिस जगह ग्लेशियर टूटा है, वहां बड़ी तादाद में प्राइवेट ठेकेदार के मजदूर काम कर रहे थे। सभी BRO के कांट्रेक्ट में काम कर रहे ठेकेदार के मजदूर थे। एवलांच आने पर सभी इधर-उधर भागने लगे। इनमें से कुछ बचने में कामयाब हो गए तो वहीं 57 मजदूर बर्फ की चपेट में आ गए।
सेना व ITBP की टीम मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही सेना व ITBP की टीम मौके के लिए रवाना हुई और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। गढवाल स्काउट की टीम मौके पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है।
CM पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
वहीं घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है और सभी श्रमिकों को सुरक्षित होने की कामना की है। देखिये घटना पर क्या बोले सीएम धामी।
'जनपद चमोली में माणा गांव के निकट बीआरओ द्वारा संचालित निर्माण कार्य के दौरान हिमस्खलन की वजह से कई मजदूरों के दबने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। आईटीबीपी, बीआरओ और अन्य बचाव दलों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है। भगवान बदरी विशाल से सभी श्रमिक भाइयों के सुरक्षित होने की प्रार्थना करता हूं।'
उत्तराखंड शासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर्स
माणा में हुई हिमस्खलन की घटना के बाद उत्तराखंड शासन ने कुछ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए है। जिन्हें आप अपने पास नोट कर सकते हैं।
मोबाईल नं. - 8218867005, 9058441404
लैंडलाइन नं.- 0135 2664315
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
इन नंबर्स पर फोन करके आप घटना से संबंधित मदद ले सकते हैं और जानकारी हासिल कर सकते हैं। चमोली जिले में पर्यटन स्थल औली सहित चोटियों में बर्फबारी व निचले स्थानों में बारिश हुई है। जिससे ठंड बढ़ गईं हैं। वहीं मौसम विभाग ने चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग में कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
औली सहित बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब के साथ नीति, माणा व मंडल घाटी की पहाड़ियों में जमकर बर्फबारी हुई, इसलिए डाइनामाइट न्यूज़ आपसे ये अपील करता है कि इन जगहों पर जाने से पहले सही जानकारी जुटायें और उसके बाद ही अपनी यात्रा प्लान करें। अगर आप वहीं रहते हैं तो सावधानी ज़रूर बरतें।
Published : 28 February 2025, 8:27 PM IST
Topics : alaknanda river chamoli glacier avalanche in Mana Pass Avalanche in Uttarakhand badrinath avalanche trapped BRO camp ITBP Mana Avalanche Mana Village Rescue operations workers trapped under snow