हिंदी
कानपुर: कानपुर देहात जिले के बरोर थाना इलाके में एक व्यक्ति ने शनिवार को अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की कथित तौर पर हत्या कर खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बरोर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी इन्द्रपाल निषाद (40) गुजरात में एक फैक्ट्री में काम करता था, जिसका शव शनिवार शाम फंदे से लटका हुआ मिला जबकि उसकी पत्नी निशा निषाद (38), बेटा प्रवेश (13) और बेटी जाह्नवी (आठ) के शव फर्श पर पड़े मिले। शवों पर चोट के निशान थे।
सामूहिक हत्या और आत्महत्या की जानकारी मिलने के बाद, पुलिस महानिरीक्षक (कानपुर परिक्षेत्र) प्रशांत कुमार और पुलिस अधीक्षक (कानपुर देहात) बीबीजीटीएस मूर्ति सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एसपी मूर्ति ने कहा कि इस गुत्थी को सुलझाने के वास्ते वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया था।
एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ दिन पहले गुजरात से लौटे इंद्रपाल ने अपनी पत्नी और बच्चों को पीट-पीटकर मार डाला और खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
आईजी प्रशांत कुमार ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि इंद्रपाल ने शुक्रवार को सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर एक लाइव वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी का किसी मुकेश के साथ विवाहेतर संबंध है, जो उसके घर अक्सर आता-जाता रहता है।
आईजी ने कहा कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Published : 16 April 2023, 7:43 AM IST
Topics : आत्महत्या कानपुर कानपुर देहात खुदकुशी नाबालिग बच्चे पत्नी हत्या
No related posts found.