
मुंबई : महराराष्ट्र का सियासी तापमान फिर एक बार अचानक बढ़ गया है। लोक सभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को महराष्ट्र में बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र द्वारा दिए गए कर का 50 प्रतिशत राज्य को वापस करे केंद्र
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद इस बात की अटकलें जोर पकड़ रही है कि अशोक चव्हाण जल्द भाजपा में शामिल हो सकते हैं। बताया जाता है कि अशोक चव्हाण के साथ तीन और बड़े नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
चव्हाण ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को भेजे अपने पत्र में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान किया। उन्होंने कांग्रेस ही नहीं बल्कि विधानसभा के सदस्य के रूप में भी इस्तीफा दे दिया है, और अपने पत्र में उन्होंने पेन से "पूर्व" लिखा है।
चह्वाण के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों से कहा, ‘‘आगे-आगे देखो होता है क्या।’’
चह्वाण मराठावाड़ा क्षेत्र में नांदेड क्षेत्र से आते हैं। उनके पिता दिवंगत शंकरराव चह्वाण भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे।
अशोक चह्वाण ने मुंबई में आदर्श आवासीय घोटाले में कथित संलिप्तता को लेकर 2010 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। वह 2014-19 तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे।
Published : 12 February 2024, 1:30 PM IST
Topics : Ashok Chavan Former CM Maharashtra Politics resigns अशोक चव्हाण इस्तीफा कांग्रेस पूर्व सीएम महाराष्ट्र मुंबई