Maharashtra Politics: अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल पहुंचे दिल्ली, अमित शाह से मुलाकात, जानिये ये खास बात

महाराष्ट्र में विभागों के बंटवारे को लेकर गतिरोध के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के लिए यहां पहुंचे। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 13 July 2023, 12:34 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली:  महाराष्ट्र में विभागों के बंटवारे को लेकर गतिरोध के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के लिए बुधवार शाम यहां पहुंचे।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष पटेल ने यहां पत्रकारों से बातचीत में महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना-राकांपा गठबंधन में दरार की अटकलों को खारिज कर दिया और कहा कि विभागों के आवंटन के मुद्दे को सुलझा लिया गया है तथा एक-दो दिन में राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार हो जायेगा।

यह पूछे जाने पर कि क्या राकांपा केंद्र सरकार में शामिल होगी, पटेल ने कहा, ‘‘हमने किसी केंद्रीय मंत्रालय की कोई मांग नहीं रखी है।’’

दो जुलाई को एक आश्चर्यजनक घटनाक्रम में, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा विभाजित हो गई जब उनके भतीजे अजित पवार और लगभग तीन दर्जन विधायक सत्तारूढ़ शिवसेना-भाजपा गठबंधन में शामिल हो गए। अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री और आठ अन्य राकांपा नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।

पटेल ने कहा, ‘‘यह केवल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से एक शिष्टाचार मुलाकात है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ अजित दादा और मेरी कोई औपचारिक भेंट नहीं हुई है। हम गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे।’’

पटेल और अजित पवार के अलावा राकांपा के वरिष्ठ नेता हसन मुश्रीफ भी राष्ट्रीय राजधानी में हैं। हालांकि, पटेल ने कहा कि मुश्रीफ कुछ निजी काम से यहां आए हैं और वह भाजपा नेताओं के साथ बैठक में अजित पवार और उनके साथ शामिल नहीं होंगे।

पटेल ने कहा कि अजित पवार और वह 18 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे जब भाजपा द्वारा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों की बैठक बुलाई गई है।

Published : 
  • 13 July 2023, 12:34 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement