हिंदी
महराजगंज: जनपद के थाना चौक क्षेत्र में दुकान में घुसकर महिला का मंगलसूत्र ले जाने वाले दो झपटमारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अभियुक्तों के पास से लूटा गया माल भी बरामद कर लिय गया। दोनों अभियुक्त लूट की नई वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कुल मिलाकर आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक ग्राम दरहटा, थाना चौक क्षेत्र की निवासी सावित्री देवी पत्नी हरगुन हरिजन ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया था। सावित्री देवी ने पुलिस को अपनी शिकायत में कहा कि बीती रात समय लगभग 11.30 बजे दो व्यक्ति पल्सर मोटर साईकिल पर सवार होकर उसके किराने की दुकान में आये थे। दोनों गुटका लेने के बहाने दुकान में घुसे। वह बरामदे में लेटी हुई थी। एक आरोपी ने उसके पति से गुटका लिया। दूसरा आरोपी सामान का पैसा देने के बहाने आया और उसके गले से मंगलसूत्र झपटकर भाग गया।
पुलिस इस शिकायत के बाद मामले की तफ्तीश में जुट गई थी। अभियुक्तों की तलाश में जुटी पुलिस को इस बीच मुखबिर से एक खास सूचना मिली। पुलिस मुखबिर के बताये स्थान पर पहुंची और घेराबंदी करके दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया गया।
दोनों अभियुक्तों को ग्राम पड़री कला स्थित पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। एक अभियुक्त की जेब से मंगलसूत्र का लाकेट बरामद हुआ।
दोनों अभियुक्तों की पहचान निसार उर्फ टिल्लू निवासी परसौनी थाना चौक और साहिद निवासी परसौनी थाना चौक, जनपद महराजगंज के रूप में की गई। इनके पास से 10 हजार रूपये की नकदी और मंगलसूत्र का लाकेट बरामद किया गया। दोनों अभियुक्त लूट की वारदात के लिए परसौनी बाजार से निचलौल की तरफ जाने की फिराक में थे।
अभियुक्तों का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार झपटमार निसार उर्फ टिल्लू के खिलाफ पहले से ही पांच मुकदमे दर्ज हैं जबकि साहिद के खिलाफ चौक थाने में एक मामला दर्ज है। दोनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।
Published : 21 September 2023, 5:42 PM IST
No related posts found.