Site icon Hindi Dynamite News

महराजगंज: सुहागरात पर दूल्हा-दुल्हन में बवाल, शादी की सेज पर जमकर मारपीट, पुलिस केस दर्ज, जानिये पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एकअजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक दूल्हा-दुल्हन सुहागरात वाले दिन आपस में जमकर लड़ पड़े। मामला पुलिस तक पहुच गया। पढिये, डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
महराजगंज: सुहागरात पर दूल्हा-दुल्हन में बवाल, शादी की सेज पर जमकर मारपीट, पुलिस केस दर्ज, जानिये पूरा मामला

महराजगंज: शादी में सात फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा करने वाले दूल्हा-दुल्हन शादी की सेज पर पहुंचते ही जमकर भिड़ पड़े। सुहागरात वाले दिन दूल्हा-दुल्हन के बीच इस कदर मारपीट हुई कि मामला थाने तक जा पहुंचा और पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। नई शादी के बीच इस केस के सामने आने पर एक बार तो पुलिस भी हैरान रह गयी लेकिन दूल्हा-दुल्हन के आरोप प्रत्यारोपों के बाद पुलिस को भी मजबूरन केस दर्ज करना पड़ा।

धूमधाम से हुई थी शादी

यह मामला पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के ककटही टोला मदरहना गांव का है, जहां धूमधाम से हुई शादी के अगले ही दिन दुल्हा-दुल्हन में जंग हो गई। आरोप हैं कि शादी की सेज पर दूल्हे ने दुल्हन को बेरहमी से पीट दिया। चौबीस घंटे के अंदर ही जन्म-जन्मांतर तक साथ निभाने का वादा इस कदर टूटा कि दुल्हन अपने मायके वालों को बुलाकर नैयहर चली गई। मंगलवार को दुल्हन की मां की तहरीर पर पुरन्दरपुर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर लिया। एसओ आशुतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

शरीर पर चोट के निशान

थाने में तहरीर देते हुए दुल्हन ने दूल्हे और उसके परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाया। बताया जाता है कि दुल्हन ने महिला पुलिस को मारपीट में उसके शरीर पर आये चोट के निशान भी दिखाए। जिसके बाद पुलिस ने दुल्हन की मां की शिकायत पर दूल्हे विशाल समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया।

दूल्हा समेत पांच पर केस दर्ज

जानकारी के मुताबिक फरेंदा क्षेत्र के की एक युवती की शादी 15 दिसंबर को हुई। अगले ही दिन 16 दिसंबर को ससुराल से दुल्हन अपने मायके चली गई। 22 दिसंबर को पुरन्दरपुर थाना में दुल्हन की मां की तहरीर पर ककटही टोला मदरहना गांव निवासी दूल्हा विशाल समेत पांच के खिलाफ 498 ए, 323 व 3/4 डीपी एक्ट के तहत केस दर्ज हो गया। 

शादी की सेज पर मोबाइल 

इस मामले में दूल्हा विशाल का कहना है कि दुल्हन मोबाइल पर लगातार किसी से बात कर रही थी। शादी के सेज पर पहुंचने के बाद भी वह फोन पर किसी से बात कर रही थी। मोबाइल पर बात करने के सवाल पूछने पर वह भड़क गई। इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। उसी को लेकर विवाद शुरू हुआ।

अभद्र भाषा और मारपीट

दुल्हन का कहना है कि ससुराल की दहलीज पर पांव रखने के कुछ ही पल बाद ही दहेज के लिए उत्पीड़न शुरू हो गया था।ससुराल जाने के बाद उसका पूरा दिन गुजर गया लेकिन उसका पति कमरे में ही नहीं आया। ससुराल के लोग उसे कमरे में भेज रहे थे लेकिन फिर भी वह नहीं आ रहा था। बड़े दबाव के बाद वो कमरे में आया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। विरोध करने पर मारने-पीट करने लगा। बाद में ससुराल के सभी लोग भी पति की तरफ हो गए। दहेज को लेकर मारपीट करने लगे। विवाद बढ़ने पर परिजनों के साथ मिल कर मारपीट की, इसलिए उसे यह कदम उठाना पड़ा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version