
प्रयागराज: महाकुंभ 2025 से पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ संगम नगरी में उमड़ पड़ी है। पौष पूर्णिमा के दिन लगभग 70 लाख श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन द्वारा किए गए व्यापक प्रयासों के चलते श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और सुगम स्नान की व्यवस्था का लाभ मिल रहा है।
संगम पर उमड़ा आस्था का सैलाब
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, रविवार को महाकुंभ के आयोजन से पहले ही लाखों श्रद्धालु संगम पर पहुंचे, जिसमें साधु-संतों के साथ पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल थे। सोमवार से शुरू हुए महाकुंभ पर गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम पर आस्था की डुबकी लगाने वालों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
महाकुंभ 2025 में प्रशासन ने 40 से 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान लगाया है। संगम नगरी में देश के कोने-कोने से साधु-संतों और श्रद्धालुओं का आना जारी है।
अखाड़ों का प्रवेश और तैयारियां पूरी
महाकुंभ के आयोजन में सनातन परंपरा के 13 प्रमुख अखाड़ों ने अपनी छावनी संगम क्षेत्र में स्थापित कर ली है। रविवार को श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन ने भी अपना प्रवेश पूरा कर लिया, जिससे अखाड़ों की उपस्थिति पूरी हो गई। आगामी मकर संक्रांति के दिन, 14 जनवरी 2025, को सभी अखाड़े अपने क्रम के अनुसार पहले अमृत स्नान में भाग लेंगे।
आध्यात्मिक रंग में रंगा संगम क्षेत्र
महाकुंभ 2025 के आयोजन के लिए प्रयागराज में भक्तों और साधु-संतों का संगम देखने लायक है। देशभर से साधु-संत अपनी विशिष्ट वेशभूषा और परंपराओं के साथ यहां पहुंचे हैं। महाकुंभ में इस बार 144 साल बाद बन रहे विशेष संयोग ने श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का नया ज्वार पैदा किया है।
विशेष तैयारियां और सुरक्षा
महाकुंभ के सुचारू संचालन के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं के लिए स्नान घाटों पर बेहतर सुविधाओं के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए सफाई, परिवहन और चिकित्सा सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।
महाकुंभ 2025 के इस भव्य आयोजन ने संगम नगरी को आध्यात्मिकता और संस्कृति के केंद्र में बदल दिया है। भक्तों का यह आस्था पर्व आने वाले दिनों में और अधिक रंगीन और भव्य रूप में देखने को मिलेगा।
सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं:
Published : 13 January 2025, 1:59 PM IST
Topics : DynamiteNews kumbhmela Mahakumbh Mahakumbh2025 mahakumbhsnan paushpurnimamahakumbh sangammahakumbh