Madhya Pradesh: वन्यजीव अंगों की तस्करी पर SOG की बड़ी कार्रवाई, चार अरोपी गिरफ्तार

डीएन ब्यूरो

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में वन विभाग के संयुक्त दल ने बाघ के अंगों की तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के पास से बाघ के अंगों को बरामद किया गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

वन्यजीव अंगों की तस्करी पर SOG की बड़ी कार्रवाई
वन्यजीव अंगों की तस्करी पर SOG की बड़ी कार्रवाई


सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में वन विभाग के संयुक्त दल ने बाघ के अंगों की तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के पास से बाघ के अंगों को बरामद किया गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार कुरई वन परिक्षेत्र के अधिकारी राहुल धारु ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर स्थित मोहगांव में वन विभाग के संयुक्त दल ने व्यापारी बनकर एक आरोपित को 60 हजार रुपये में बाघ के चार नग दांत का सौदा करते हुए मंगलवार-बुधवार की रात को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की निशानदेही पर वन अमले ने अन्य तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर कुरई सामान्य वन परिक्षेत्र के जमरापानी बीट के जंगल व आरोपित के घर से 25 नग हड्डियां जब्त की हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एक आरोपित प्रदीप मसराम (30) को पेंच टाइगर रिजर्व व दक्षिण सामान्य वन मंडल के संयुक्त दल ने मोहगांव के पास चार नग बाघ के दांत का सौदा करते हुए गिरफ्तार किया।

आरोपित की निशानदेही पर अन्य तीन आरोपित इतरलाल मसराम (56) चिंतामन कोकेडे (50) व दीप सिंह तेकाम (43) सभी जामरापानी निवासी को हिरासत में लेकर घर व जंगल की तलाशी ली गई। खोजबीन के दौरान आरोपित चिंतामन के घर से दो नग हड्डियां बरामद हुई हैं, जबकि 23 नग हड्डियां वन अमले ने जामरापानी बीट से जब्त की हैं।

धारु ने बताया कि सभी आरोपितों ने बाघ का शिकार करने की बात अब तक कबूल नहीं की है। आरोपितों का कहना है कि करीब दो माह पहले उन्हें जंगल में बाघ की हड्डियां व दांत मिले थे।

इनमें से अधिकांश हड्डियों को उन्होंने मौके पर छिपा दिया और चार दांत व दो हड्डी घर ले आए थे।

उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में आगे की छानबीन की जा रही है। इस मामले में कुछ अन्य आरोपितों के शामिल किये जाने की उम्मीद है।










संबंधित समाचार