मध्य प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 जिलों के कलेक्टर समेत 31 IAS अफसरों का तबादला, 35 IPS इधर से उधर

मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने रविवार को राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। 14 जिलों के कलेक्टर समेत 31 IAS अफसरों का तबादला कर दिया गया। इसके साथ ही 35 IPS अफसर भी बदले गये। पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 5 September 2021, 11:09 AM IST
google-preferred

भोपाल: मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने रविवार को राज्य में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। मध्य प्रदेश में 14 जिलों के कलेक्टर समेत 31 IAS अफसरों का तबादला कर दिया गया। इसके साथ ही 35 IPS अफसरों के भी ट्रांसफर कर दिये गये हैं। 

सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक राज्य में 14 जिलों के कलेक्टर और 11 जिलों के एसपी बदले गए हैं। सरकार ने जिन जिलों के जिलाधिकारियों का तबादला किया है, उनमें होशंगाबाद, अशोक नगर, सागर, अलीराजपुर, धार, नरसिंहपुर, शहडोल, सीधी, मंदसौर, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, बालाघाट और निवाड़ी जिलों के कलेक्टर शामिल हैं।

इसके साथ ही राज्य सरकार सरकार ने 11 जिलों- होशंगाबाद, रायसेन, बड़वानी, रीवा, कटनी, विदिशा, उमरिया, सीहोर, निवाड़ी, मंदसौर और अलीराजपुर के पुलिस अधीक्षकों का भी तबादला कर दिया है। 

आईएएस और आईपीएस के इन तबादलों से उपचुनाव वाले जिले भी प्रभावित हुए हैं। बताया जा रहा है कि सरकार के विश्वास पर खरे उतरने वाले अधिकारियों को यहां तैनात किया गया है। 

मंत्रालय और विभागों में पदस्थ आइएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस मुख्यालय की महत्वपूर्ण शाखाओं में भी नई तैनाती की गई है।