UP Block Pramukh Election Result: जानिये यूपी ब्लॉक प्रमुख के चुनाव परिणाम, भाजपा फिर बड़ी जीत की ओर, देखिये हार-जीत के नतीजे

डीएन ब्यूरो

उत्तर प्रदेश में आज कई जगहों पर बवाल और हंगामे के बीच ब्लॉक प्रमुख चुनाव के मतदान हुआ। चुनाव के बाद अब वोटों की गिनती हो रही है और कई जिलों से चुनाव परिणाम भी सामने आने लगे हैं। चुनाव नतीजों को लेकर पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की यह रिपोर्ट



लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आज कई स्थानों पर बवाल और झड़प के बाद ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए वोटिंग संपन्न हो गई है। राज्य में 75 जिलों के 825 ब्लाक प्रमुख पदों में से 476 सीटों पर वोटिंग हुई। 349 ब्लॉक प्रमुखों को पहले ही निर्विरोध चुन लिया गया था। शेष 476 सीटों पर वोटिंग के बाद मतगणना शुरू हुई और अब चुनाव नतीजे सामने आने लगे हैं। मतदान के दौरान कुछ इलाकों से झड़पें, बवाल, और हंगामा की खबरें हैं।

डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में जानिये उत्तर प्रदेश में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के परिणाम। अब तक सामने आये परिणाम में भाजपा उम्मीदवार जीत का परचम फहराते दिख रहे है। मुख्य विपक्षी दल सपा को जीत के लिये बेहद संघर्ष करना पड़ रहा है। जबकि मतदान से पहले भाजपा और सपा में रोचक मुकाबला माना जा रहा था। 

अब तक सामने आये चुनाव नतीजों में बीजेपी को 825 ब्लॉकों में से अब तक 508 सीटें मिल चुकी है जबकि मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के खाते में 63 सीटें गई है। जिला पंचायत चुनाव की ही तरह इस चुनाव में भी भाजपा फिर एक बार बड़ी जीत दर्ज करती दिख रही है। हालांकि अभी कई सीटों के नतीजें बाकी है लेकिन वोटों में गिनती में भाजपा बढ़त बनाये हुए है।


फतेहपुर जिले के 13 ब्लॉकों में से 12 ब्लॉकों में भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। यहां एक सीट सपा के खाते में गई। दोबारा मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी प्रदीपिका सिंह ने मात्र 1 वोट से भाजपा प्रत्याशी सोहन सिंह को हराया। यहां भाजपा ने दो सीटों पर अपना दल को समर्थन दिया था। दोनों सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।


गोरखपुर मंडल के महराजगंज जनपद में कुल 12 सीटों में से आज सात सीटों पर चुनाव हुआ। पांच सीटों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। यहां नौतनवां ब्लॉक से भाजपा समर्थित प्रत्याशी राकेश मद्धेशिया विजयी घोषित किये गये। घुघली ब्लाक से भाजपा समर्थित रीता देवी ब्लाक प्रमुख चुनी गईं। मिठौरा ब्लॉक से भाजपा समर्थित प्रत्याशी उर्मिला देवी ने जीत दर्ज की। लक्ष्मीपुर ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्दलीय अंजलि पांडेय विजयी घोषित की गई। बृजमनगंज ब्लॉक से निर्दलीय उदयराज यादव 90 वोट पाकर विजेता घोषित किए गए। निचलौल ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में भाजपा के सर्मथन प्रत्याशी रमाशंकर गौतम विजयी रहे। धानी ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश ने 33 में 28 वोट पाकर जीत दर्ज की। यहां अधिकतर जीते प्रत्याशी या तो भाजपा से हैं या भाजपा समर्थित हैं। 


शाहजहांपुर में सभी पांच ब्लॉकों में भाजपा ने जीत हासिल की। यहां 15 में से दस ब्लॉकों में निर्विरोध निर्वाचन के बाद शेष पांच ब्लॉक में भी भाजपा ने चुनाव जीत लिया है। यहां सपा को तगड़ा झटका लगा है। तिलहर और जैतीपुर में थोड़ा नजदीकी मुकाबला हुआ मगर अन्य जगह पर भाजपा प्रत्याशी की जीत एकतरफा रही। 

एटा जिले में हुए 3 ब्लॉक प्रमुख पदों के चुनाव के परिणाम घोषित हो गये है। यहां दो सीट पर सपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि एक सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है। अलीगंज ब्लॉक से बीजेपी की रेखा शाक्य ने 68 मत प्राप्त कर 19 वोटों से जीत हासिल की। जैथरा ब्लॉक से सपा की शीला देवी ने 98 वोट में से 90 वोट प्राप्त किये। सकीट ब्लॉक से सपा की पायल यादव ने 83 वोट हासिल किए। यहाँ भी सपा ने एकतरफा जीत दर्ज की है।


संतकबीरनगर जिले के आठ ब्लॉकों में भी भाजपा प्रत्याशियों ने एकतरफा जीत हासिल की। यहां केवल सेमरियावां ब्लॉक में ही सपा समर्थित प्रत्याशी मजहरून्निशा चुनाव जीती। अन्य ब्लॉकों में या तो भाजपा या फिर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। 

बिजनौर में 11 में से 10 ब्लॉकों पर भाजपा का कब्जा तय है। यहां पहले ही पहले छह प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। शनिवार को पांच सीटों पर हुए चुनाव में चार पर भाजपा प्रत्याशी जीते हैं। 

वाराणसी में ब्लॉक प्रमुखों के चुनाव में बीजेपी ने सभी 8 सीटों पर कब्जा किया है। वाराणसी में बीजेपी को 6 तो सहयोगी अपना दल को 2 सीट हासिल हुई है।
इसी तरह मिर्जापुर में 12 में से 10 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली है। 10 में से 9 में बीजेपी तो 1 सीट अपना दल के खाते में गई है।

फिरोजाबाद के 9 ब्लॉक में से 3 ब्लॉक (एका ब्लॉक, टूंडला ब्लॉक और नारखी ब्लॉक) से बीजेपी के उम्मीदवार निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख निर्वाचित हो चुके थे। जबकि जिले के 6 ब्लॉक में आज वोटिंग हुई। भाजपा ने आज 4 सीटों पर जीत हासिल की।

आगरा के सभी 15 ब्लॉक प्रमुख सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को जीत मिली है।

सहारनपुर में पांच सीटों पर भाजपा और उसके समर्थित प्रत्याशियों ने एकतरफा जीत हासिल की। रामपुर मनिहारान में भाजपा की गीता रानी ने भाजपा के ही बागी प्रत्याशी डॉ. किरणपाल को हराया। अन्य सीटों पर भी भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे।

आजमगढ़ में ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा का बोलबाला रहा। सर्वाधिक 11 सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वहीं, मुख्य विपक्षी दल सपा को मात्र चार सीटें मिली। सात सीटों पर निर्दल प्रत्याशियों ने कब्जा जमाया।

बरेली में 15 सीटों में भाजपा को 11 सीटों पर जीत मिली। यहां 3 सीटों पर सपा और एक पर निर्दलीय का कब्जा रहा। 

शामली में तीन सीटों में से दो सीटों पर भाजपा प्रत्याशी जीते। केवल कांधला सीट में निर्दलीय प्रत्याशी विनोद मालिक ने विजय दर्ज की।

पीलीभीत में सात सीटों में से प्राप्त 6 सीटों के नतीजों में कुल चार सीटें भाजपा ने जीती। दो सीटों पर निर्दलीय विजयी रहे। एक का चुनाव परिणाम बाकी है।

मेरठ में पांच सीटों के चुनाव परिणाम में चार पर भाजपा या भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। 

बागपत में तीन सीटों में से छपरौली पंचायत क्षेत्र में रालोद समर्थित प्रत्याशी अंशु विजय हुई।  हैं। बागपत पंचायत क्षेत्र में निर्दलीय सुनीता ने जीत दर्ज की। पिलाना ब्लॉक से अनीश यादव विजयी रहे। अनीश यादव लगातार तीसरी बार ब्लॉक प्रमुख बने। 


बता दें कि नामांकन दाखिले में राज्य के 75 जिलों के 825 ब्लाक प्रमुख पदों के लिए कुल 1778 नामांकन प्राप्त हुए थे। इनमें से जांच के दौरान 68 नामांकन रद्द कर दिये गये थे। इसके बाद कुल 1710 उम्मीदवार बचे थे। 

शुक्रवार को नामांकन वापसी के दिन कुल 187 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिये। कुल 349 पदों पर एक-एक उम्मीदवार ही बचे होने की वजह से उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित किया गया। अब बाकी बचे 476 पदों के लिए शनिवार को मतदान करवाया गया।










संबंधित समाचार