हिंदी
लखनऊ: सरोजिनी नगर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में लखनऊ पुलिस को बड़ी सफलती मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 50 हजार के इनामी कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। इस एनकांउटर में सरोजिनी नगर पुलिस के 2 सिपाही मुकेश और अरविंद भी घायल हो गए, जिन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने दिया बहादुरी का परिचय
लखनऊ के सरोजिनी नगर पुलिस को नादरगंज तिराहे के पास बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। उस समय तत्काल सरोजिनी नगर थाना इंस्पेक्टर धर्मेश शाही एक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों से मोर्चा ले लिया। पुलिस के आने पर बदमाश पारा थाना क्षेत्र की ओर भागे और वहां जाकर हंस खेड़ा चौकी के पास बने खाली पड़े नवनिर्मित एलडीए बिल्डिंग में जाकर छुप गए। जिस पर दोनों थानों की पुलिस ने बिल्डिंग को चारों ओर से घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में पुलिस ने भी बदमाशों पर फायरिंग की। जिसमें 50 हजार का इनामी बदमाश नरेंद्र भाटी घायल हो गया जबकि दूसरा बदमाश कुलदीप जाट को पुलिस ने मौके से धर दबोचा। सभी घायलों को पुलिस ने ट्रामा सेंटर में भर्ती करा दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए सरोजिनी नगर इंस्पेक्टर धर्मेश शाह ने बताया कि बदमाशों के पास से पिस्टल कार्बाइन सहित कई तमंचे बरामद हुए हैं। मामले में पुलिस बदमाशों के आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद कई मामलों का खुलासा हो जाएगा।
Published : 1 February 2018, 1:31 PM IST
Topics : एनकांउटर पुलिस पुलिसकर्मी बदमाश मुठभेड़ लखनऊ सरोजिनी नगर
No related posts found.