UP: कल राजकीय सम्मान के साथ होगा पूर्व CM कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार, आज अंतिम दर्शन के लिए उमड़ रही दिग्गजों की भीड़, देखिये भावुक करने वाली ये तस्वीरें

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व गर्वनर कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिये उनके आवास पर कई नेता और गणमान्य लोग पहुंच रहे हैं। कल्याण सिंह को अंतिम श्रद्धांजिल दी जा रही है। डाइनामाइट न्यूज की इस रिपोर्ट में जानिये हर अपडेट

Updated : 22 August 2021, 11:14 AM IST
google-preferred

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का कल शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वो बीते चार जुलाई से अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों ने बताया कि सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हुआ है। वह 89 वर्ष के थे। कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर लखनऊ स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिये रखा गया है, जहां श्रद्धांजलि देने के लिये दिग्गज नेताओं और गणमान्य लोगों का तांता लगा हुआ है। कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार कल राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा।

कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिये लखनऊ पहुंचे पीएम मोदी 

कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिये पीएम मोदी भी जेपी नड्डा के साथ लखनऊ पहुंच चुके हैं। सीएम योगी ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी को रिसीव किया।  इससे पहले सीएम योगी, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राजा भैया, मायावती समेत कई दिग्गज नेताओं ने कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी के दिग्गज नेता भी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिये आज लखनऊ पहुंचेगे। श्रद्धांजलि देने वाले नेताओं और गणमान्य लोगों का तांता लगा हुआ है।

कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए सुबह 11:00 बजे से विधानसभा में उनके पार्थिव शरीर को रखा जाएगा। दोपहर 12:30 बजे भाजपा प्रदेश पार्टी कार्यालय में लोग श्रद्धा सुमन अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद 2:30 बजे पार्थिव शरीर को बापू भवन ,महाराणा प्रताप, चारबाग, आलमबाग होते हुए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट ले जाया जाएगा, जहां से एयर एंबुलेंस के माध्यम से पार्थिव शरीर अलीगढ़ स्थित उनके पैतृक निवास ले जाया जाएगा।

लाल कृष्ण आडवाणी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मेरे करीबी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी के निधन से मैं काफी दुखी हूं। भारतीय राजनीतिक का चमकता सितारा और जमीनी नेता थे।

आडवाणी ने कहा कि उन्होंने कमजोर वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए काफी मेहनत की थी जिसके चलते वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने राज्य के बहुमुखी विकास में काफी योगदान दिया था। मैं राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान उनके साथ अपनी कई  बातें याद करता हूं।

कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को बुलंदशहर जिले के नरौरा में गंगा किनारे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।  यहां नरौरा में गंगा किनारे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।  डिबाई जिला प्रशासन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुट गया है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह एवं सूचना) अविनाश अवस्थी ने दी है।

Published : 
  • 22 August 2021, 11:14 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement