
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तस्करी के एक और बड़े मामले का खुलासा हुआ है। एयरपोर्ट पर कस्टम की टीम ने तीन किलोग्राम वजनी 27 सोने के बिस्कुट के साथ विदेश से आ रहे एक यात्री को गिरफ्तार किया है। विभाग ने तस्करी में आरोपी के मददगार एयर इंडिया की बस के चालक को भी गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।
जानकारी के मुताबिक चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रात करीब तीन बजे मस्कट से आने वाली उड़ान ओवी-797 पहुंची थी। एयरपोर्ट पर पहले से सतर्क कस्टम विभाग की टीम को एक यात्री पर संदेह हुआ।
यात्री के पास मौजूद एक हैंडबैग की तलाशी ली गई। जिसमें लाल और काले रंग के टेप से पैक किए गए सोने के 27 बिस्कुट बरामद हुए। कस्टम की टीम ने उसका वजन किया। सभी 27 सोने के बिस्कुट का वजन 3149.280 ग्राम निकला। जिसकी कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये है। यात्री से पूछताछ के बाद इस खेल में शामिल एयर इंडिया की बस के चालक को भी गिरफ्तार किया गया।
Published : 13 April 2022, 2:06 PM IST
Topics : अमौसी एयरपोर्ट एयर इंडिया गिरफ्तार गोल्ड स्मलिंग तस्करी मस्कट लखनऊ