
लखनऊ: कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिये राज्य में पार्टी की सियासी जमीन को मजबूत करने में जुटी हुई है। लगातार यूपी के दौरे कर रहीं प्रियंका गांधी नये-नये फैसले लेकर कांग्रेस को यूपी में मजबूती के साथ आगे बढ़ा रही है। इसी क्रम में जनता से जुड़ने और एक तरह से चुनावी आगाज करने के लिये कांग्रेस पार्टी कल यानि 23 अक्टूबर से यूपी में प्रतिज्ञा यात्रा का आयोजन करने जा रही है।
तीन प्रतिज्ञा यात्रा
लंबे समय से उत्तर प्रदेश की सत्ता से बाहर कांग्रेस अपनी इस प्रतिज्ञा यात्रा के जरिये सत्ता में वापसी के सपने सजा रही है। इसलिये इस यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता अलग-अलग क्षेत्रों में सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करेगी। कांग्रेस द्वारा यूपी में कुल तीन प्रतिज्ञा यात्राएं की जायेगी जबकि दूसरे चरण कती चौथी प्रतिज्ञा यात्रा दीपावली के बाद शुरू होगी।
प्रियंका गांधी दिखाएंगी हरी झंडी
कांग्रेस महासचिव और पार्टी की यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी कल इस प्रतिज्ञा यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगी, जिसके बाद यात्रा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी। कांग्रेस यूपी में तीन प्रतिज्ञा यात्राओं का आयोजन कल 23 अक्टूबर से एक नवंबर तक निकलेगी। पहले चरण में वाराणसी, सहारनपुर तथा बाराबंकी से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा निकलेगी।
वाराणसी, बाराबंकी और सहारनपुर से शुरूआत
यूपी में कांग्रेस की पहली प्रतिज्ञा यात्रा की शुरूआत शनिवार को वाराणसी से होगी जो रायबरेली में समाप्त होगी। दूसरी यात्रा बाराबंकी से शुरू होकर बुंदेलखंड के झांसी में समाप्त होगी। तीसरी यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले से आरंभ होगी और उसका समापन मथुरा में होगा। इन सभी यात्राओं का समापन एक नवंबर को होगा।
प्रतिज्ञा यात्राओं के प्रभारी
वाराणसी से शुरू होने वाली पहली प्रतिज्ञा यात्रा के प्रभारी प्रमोद तिवारी, नदीम जावेद और राजेश मिश्रा होंगे। बाराबंकी से शुरू होने वाली प्रतिज्ञा यात्रा के प्रभारी पीएल पुनिया, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और प्रदीप जैन आदित्य होंगे। सहारनपुर से शुरू होने वाली तीसरी प्रतिज्ञा यात्रा के प्रभारी सलमान खुर्शीद और आचार्य प्रमोद कृष्णम होंगे। कांग्रेस की चौथी प्रतिज्ञा यात्रा दीपावली के बाद शुरू होगी।
Published : 22 October 2021, 1:58 PM IST
Topics : congress party Priyanka Gandhi Prtigya Yatra UP Assembly Election उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी प्रतिज्ञा यात्रा प्रियंका गांधी लखनऊ विधानसभा चुनाव