लखनऊ में पूर्व पीएम वाजपेयी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर हवन-पूजन

देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी का सोमवार को 93वां जन्मदिन है। इस अवसर पर राजधानी लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास हवन-पूजन कर अटल के दीर्घायु होने की कामना की।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 24 December 2017, 6:23 PM IST
google-preferred

लखनऊ: देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का सोमवार को 93वां जन्मदिन है। पूर्व पीएम के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर राजधानी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास हवन पूजन कर अटल के दीर्घायु होने की कामना की और लड्डू बांटे। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई द्वारा राष्ट्र निर्माण में किए गए योगदान को याद किया गया और सराहा गया।

इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए कार्यक्रम आयोजक अवधेश गुप्ता ने बताया कि पूर्व पीएम अटल  ने कभी अपने वसूलों से समझौता नहीं किया। उनके नेतृत्व में बनी एनडीए सरकार ने 11 और 13 मई 1998 को पोखरण में परमाणु विस्फोट करके भारत को परमाणु शक्ति संपन्न देश बनाया। परमाणु विस्फोट से नाराज होकर पश्चिमी देशों ने भारत पर कई बड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाये लेकिन अटल ने दृढ़तापूर्वक सभी प्रतिबंधों का सामना कर भारत को एक बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाया।  उन्होंने बताया कि अटल वाजपेयी का लखनऊ से खासा जुड़ाव रहा। वह कई बार शहर से सांसद और देश के प्रधानमंत्री रहे।

महिला मोर्चा की महामंत्री नीलम तिवारी ने कहा कि 2015 में भारत रत्न बने अटल जी ने शहर का मान बढ़ाया है। उन्होंने उनकी सरकार में किए गए कार्यों का विवरण बताते हुए कहा कि दिल्ली लाहौर बस यात्रा, कारगिल विजय, स्वर्णिम चतुर्भुज के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों से शहरों को जोड़ने का महत्वपूर्ण काम उनके शासनकाल में ही किया गया।
 

No related posts found.