हिंदी
कूच बिहार: लोकसभा चुनाव को लेकर पहले फेज की वोटिंग के दौरान पश्चिम बंगाल के कूच बिहार इलाके में पथराव की खबर है। जानकारी के मुताबिक बीजेपी का आरोप है कि कूच बिहार के चंदामारी में टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने मतादाताओं को रोकने के लिए पथराव किया। पथराव में बीजेपी के बूथ अध्यक्ष के घायल होने की खबर है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पहले चरण के लिए लोकसभा की कुल 102 सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। खासतौर से पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाओं के मद्देनजर व्यापक तैयारियां की गई है। सुरक्षा बलों की टुकड़ियां बूथों पर तैनात की गई हैं। इस बीच कूच बिहार के चंदामारी में पथराव की घटना सामने आई है। बताया जाता है कि टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने पथराव किया।
बता दें कि पहले चरण में जिन राज्यों की सभी लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (5), अरुणाचल प्रदेश (2), मेघालय (2), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1), मिजोरम (1), नगालैंड (1), पुडुचेरी (1), सिक्किम (1) और लक्षद्वीप (1) शामिल हैं। इसके अलावा राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम और महाराष्ट्र में 5-5, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, मणिपुर में 2 और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर और छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है।
Published : 19 April 2024, 10:17 AM IST