Site icon Hindi Dynamite News

Lok Sabha Election :अमेठी में राहुल-अखिलेश ने भरी हुंकार, भाजपा पर बरसे

यूपी के अमेठी में शुक्रवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित किया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Lok Sabha Election :अमेठी में राहुल-अखिलेश ने भरी हुंकार, भाजपा पर बरसे

अमेठी: सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को अमेठी में संयुक्त रूप से जनसभा को संबोधित करते हुए गठबंधन प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के लिए वोट मांगे। इस दौरान दोनों नेता भारतीय जनता पार्टी पर जमकर बरसे और स्मृति ईरानी को भी आड़े हाथों लिया।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अमेठी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लोगों ने सेना में अग्निवीर लागू किया है। अगर फिर से सत्ता में आ गए तो पुलिस की नौकरी में भी अग्निवीर योजना लागू हो जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि जब वोट करने जाना तो बेरोजगारी व महंगाई को ध्यान रखना। 

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान  बदलने की साजिश कर रही है। इंडिया गठबंधन इसे कभी सफल नहीं होने देगा। अमेठी में सिलेंडर वाले लोग अब सरेंडर कर रहे हैं। 13 रुपये किलो की चीनी का ख्वाब दिखाया। मीठी चीनी के लिए कड़वा झूठ बोला गया था। एक और एक मिलकर 11 हो रहे हैं, इससे भारतीय जनता पार्टी वाले नौ दो ग्यारह हो रहे हैं।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि युवाओं को नौकरी न देना पड़े, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी ने पेपरलीक करा दिया। कहा कि चार चरण के चुनाव हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी चारों खाने चित्त हो गई हैं। इनका रथ फंस गया है और धंस गया हैं। अब निकलने वाला नहीं है। आरोप लगाया कि भाजपा के लोग संविधान के तहत मिले लोगों के अधिकारों को छीनना चाहते हैं। जो लोग संविधान बदलने को निकले हैं उन्हें बदलना है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नंदमहर में कहा कि संविधान जनता की प्रगति की नींव है। भाजपा के लोग इसे बदलना चाहते हैँ। पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2024 का चुनाव अलग चुनाव है। पहली बार किसी राजनीतिक पार्टी के नेताओं ने कहा है कि इस संविधान को खत्म कर देंगे, नष्ट कर देंगे, फेंक देंगे। कहा कि यह गांधी जी, अंबेडकर जी, जवाहरलाल नेहरू और हिंदुस्तान के सभी नागरिकों की देन है। संविधान की रक्षा करना है। संविधान को दिखाते हुए कहा कि हिंदुस्तान में चाहे जमीन का अधिकार हो, किसानों की मदद हो, हरित व सफेद क्रांति जो भी प्रगति हुई है, इस किताब के बल पर हुई है यही आपकी प्रगति की नींव है।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि 'आज कल नरेंद्र मोदी 'गोदी मीडिया' को बहुत इंटरव्यू दे रहे हैं. एक कमरे में इंटरव्यू होता है, जहां दो-चार गोदी मीडिया के पत्रकार होते हैं. ऐसे इंटरव्यू में किसानों, मजदूरों, बेरोजगारी या महंगाई की बात नहीं होती. क्योंकि यह मीडिया नरेंद्र मोदी का है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसको नष्ट करना चाहते हैं। अगर यह गायब हो जाएगा तो पब्लिक सेक्टर खत्म हो जाएगा, नौकरियां खत्म हो जाएंगी, महंगाई आसमान तक पहुंच जाएगी। रिजर्वेशन खत्म हो जाएगा। इसके बाद लोगों सारे हक एक के बाद एक छीन लिए जाएंगे। कहा कि सच्चाई यह है कि इसके बिना हिंदुस्तान में 22-25 अमीर लोगों के पास हक बचेंगे, किसानों, माताओं, युवाओं के हक सब छीन लिए जाएंगे। इसलिए सबसे जरूरी काम है सब इस संविधान की रक्षा करना है। 

Exit mobile version