हिंदी
नयी दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को राजधानी स्थित अपने आधिकारिक आवास पर तिरंगा फहराया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, शाह ने सोशल नेटवर्किंग साइट ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ‘‘हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने आवास पर मैंने आज तिरंगा फहराया। स्वतंत्रता दिवस से पहले भारतीय आसमान में लाखों तिरंगे भारत को फिर से महानता का प्रतीक बनाने के लिए राष्ट्र की सामूहिक इच्छा शक्ति को दर्शाते हैं।’’
सरकार आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ चला रही है। इसका उद्देश्य सहभागी हिस्सेदारी की भावना और अधिक जन भागीदारी के साथ आजादी का अमृत महोत्सव मनाना है।
शाह ने सभी नागरिकों से निवेदन किया कि वे भी अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएं और अपनी सेल्फी ‘हर घर तिरंगा डॉट कॉम’ पर अपलोड करें। उन्होंने सभी से अपने साथी नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया।
शाह ने अपनी सेल्फी भी उक्त वेबसाइट पर अपलोड की। उन्होंने इसके लिए उन्हें मिले प्रमाणपत्र को भी साझा किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लोगों से 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत अपने सोशल मीडिया अकाउंट की डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) में तिरंगे की तस्वीर लगाने का आग्रह किया था।
उन्होंने खुद भी अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट की ‘डीपी’ में भी राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीर लगाई है। इसका अनुसरण करते हुए कई केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों समेत भाजपा नेताओं ने अपनी डीपी में तिरंगे की तस्वीर लगाई है।
कई केंद्रीय मंत्रियों व भाजपा नेताओं ने अपने आवास पर भी तिरंगा फहराया।
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच 'हर घर तिरंगा' अभियान में हिस्सा लेने का आह्वान किया था।
Published : 14 August 2023, 5:39 PM IST
Topics : अमित शाह गृह मंत्री नयी दिल्ली फहराया हर घर तिरंगा
No related posts found.