हिंदी
नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर अतिरिक्त अवरोधक हटा दिये हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था अब भी चाक-चौबंद है।
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में तिरंगे को खालिस्तानी कार्यकर्ताओं द्वारा नीचे उतारे जाने के कुछ दिनों बाद दिल्ली पुलिस ने यहां सुरक्षा बढ़ा दी थी और अतिरिक्त अवरोधक भी लगाये थे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “यहां ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। हालांकि, उच्चायोग की ओर जाने वाले मार्ग पर लगाये गये अवरोधक हटा दिये गये हैं, क्योंकि ये आने-जाने में परेशानी पैदा कर रहे थे।”
खालिस्तान समर्थकों के विरोध प्रदर्शन के दौरान लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग पर फहरा रहे तिरंगे को नीचे उतारने का एक वीडियो सामने आने की घटना सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद भारत ने रविवार रात ब्रिटिश उप उच्चायुक्त को तलब किया था और वहां “सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल न होने पर” पर स्पष्टीकरण मांगा था।
शीर्ष ब्रिटिश अधिकारियों ने कहा है कि ब्रिटेन सरकार भारतीय उच्चायोग की सुरक्षा को “गंभीरता से” लेगी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के एक समूह द्वारा अलगाववादी खालिस्तानी झंडे लहराते हुए भारतीय उच्चायोग में तोड़फोड़ करने की घटना को “अपमानजनक” और “पूरी तरह से अस्वीकार्य” करार देते हुए इसकी निंदा भी की थी।
Published : 22 March 2023, 5:03 PM IST
No related posts found.