Site icon Hindi Dynamite News

Mauni Amavasya 2021: मौनी अमावस्या पर पुण्य अर्जित करने गंगा में डुबकी लगाने पहुंचे लाखों श्रद्धालु, जानिये इस पर्व का खास महत्व

आज देश भर में मौनी अमावस्या का पर्व मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर लोग गंगा नदी और पवित्र घाटों पर स्नान करके पुण्य अर्जित करते हैं। डाइनामाइट न्यूज रिपोर्ट में जानिये इस पर्व का महत्व
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
Mauni Amavasya 2021: मौनी अमावस्या पर पुण्य अर्जित करने गंगा में डुबकी लगाने पहुंचे लाखों श्रद्धालु, जानिये इस पर्व का खास महत्व

नई दिल्ली/लखनऊ: आज देश भर में मौनी अमावस्या का पर्व मनाया जा रहा है। लाखों लोग सुबह से ही गंगा नदी और पवित्र घाटों पर डुबकी लगाने के लिये पहुंच रहे हैं। आज के दिन पित्र दोष से भी मुक्ति मिलती है और गंगा नदी समेत पवित्र घाटों पर स्नान करके श्रद्धालु पुण्य अर्जित करते हैं। माघ महीने की अमावस्या में आने वाली मौनी अमावस्या कहा जाता है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान कर जगत के पालनहार भगवान विष्णु और शिव जी को पूजा जाता है।

यह भी पढ़ें: Mauni Amavasya 2021: मौनी अमावस्या पर महराजगंज के झूलनीपुर में फंसे लाखों श्रद्धालु, त्रिवेणी मेला भी स्थगित, SSB सख्त, जानिये ये बड़ी वजह

प्रयागराज में स्नान के लिये पहुंचे श्रद्धालु

खास उपायों से पितृदोष भी शांत

मौनी अमावस्या के खास मौके पर पितृ पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। मौनी अमावस्या के दिन स्नान, दान और पुण्य करना बहुत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन तिल या उससे बनी वस्तुओं का दान करने से भगवान विष्णु का आशीर्वाद मिलता है। मौनी अमावस्या पर पितरों के लिए सारे काम मौन रह कर किए जाते हैं। इस दिन कुछ खास उपायों से पितृदोष भी शांत किया जा सकता है।

वाराणसी गंगा घाट पर सुबह से पहुंचने लगे थे श्रद्धालु

पुण्य अर्जित करने का पर्व 

देश में गंगा नदी के तटों पर आज सुबह से ही लोगों का स्नान के लिये पहुचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, वाराणसी, उत्तराखंड के हरिद्वार के अलावा उज्जैन, नासिक आदि क्षेत्रों में मौनी अमावस्या के दिन शाही स्नान का भी आयोजन होता है। श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचकर स्नान के बाद अपने पितरों के लिये तर्पण आदि करके पित्र दोष से मुक्ति पाते हैं और पुण्य अर्जित करते हैं।

हरिद्वार में इस बार कुंभ होने के कारण मौनी आमावास्य पर गंगा स्नान का बढ़ा महत्व

नदियों में देवताओं का निवास

मौनी अमावस्या के खास मौके पर गंगा स्नान बहुत महत्व है। मान्यता है कि इस दिन गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों में देवताओं का निवास होता है। इसीलिए इस दिन प्रयागराज में मौजूद त्रिवेणी संगम पर स्नान का महत्व बहुत बढ़ जाता है। खासकर कुंभ (Kumbh 2021) के दौरान मौनी अमावस्या के दिन लाखों की संख्या में तीर्थयात्री गंगा स्नान के लिये पहुंच रहे हैं। 

कुंभ के दौरान पड़ने वाले शाही स्नान बेहद ही शुभ माने जाते हैं। इसके साथ ही यह भी मान्यता है कि पूरे मन से इस दिन भगवान विष्णु की पूजा की जाए तो आयु लंबी होती है।
 

Exit mobile version