Sports: एशियाई खेलों के गोल्फ ट्रायल में खलिन और अमनदीप ने बनाई बढ़त

खलिन जोशी और अमनदीप द्राल ने एशियाई खेलों की गोल्फ स्पर्धा के लिए मंगलवार को यहां कलकत्ता गोल्फ क्लब में शुरू हुए ट्रायल के पहले दिन क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में बढ़त बना ली।

Updated : 25 April 2023, 6:12 PM IST
google-preferred

कोलकाता: खलिन जोशी और अमनदीप द्राल ने एशियाई खेलों की गोल्फ स्पर्धा के लिए मंगलवार को यहां कलकत्ता गोल्फ क्लब में शुरू हुए ट्रायल के पहले दिन क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में बढ़त बना ली।

बेंगलुरू के खलिन ने शुरुआती छह होल में पांच बर्डी सहित कुल सात बर्डी और दो बोगी के साथ पांच अंडर 67 का स्कोर बनाया है।

अजितेश संधू पांच बर्डी और एक बोगी से चार अंडर 68 के स्कोर से दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।

एशियाई खेल 2010 की टीम स्पर्धा के रजत पदक विजेता राशिद खान, ओलंपियन एसएसपी चौरसिया, अमन राज और युवराज संधू सभी तीन अंडर 69 के स्कोर से संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।

युवराज सिंह और सचिन बैसोया ने दो अंडर 70 का स्कोर बनाया जबकि करणदीप कोच्चर और एस चिक्कारंगप्पा भी एक अंडर 71 के स्कोर से अंडर पार का स्कोर बनाने में सफल रहे। ट्रायल में हिस्सा ले रहे 19 पुरुष खिलाड़ियों में से 10 ने पहले दिन अंडर पार का स्कोर बनाया।

महिला खिलाड़ियों में अमनदीप द्राल ने 12वें से 16वें होल तक लगातार पांच बर्डी की मदद से चार अंडर 68 के स्कोर से बढ़त बना ली है। उन्होंने पहले दौर में छह बर्डी की लेकिन दो बोगी भी कर गईं।

तोक्यो ओलंपियन दीक्षा डागर तीन अंडर 69 के स्कोर से दूसरे स्थान पर हैं।

त्वेसा मलिक, नेहा त्रिपाठी, प्रणवी उर्स और अवनी प्रशांत दो अंडर 70 के स्कोर से संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।

वाणी कपूर ने भी एक अंडर 71 के स्कोर से अंडर पार का स्कोर बनाया।

चीन में इस साल सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 19 पुरुष और 19 महिला गोल्फर ट्रायल में हिस्सा ले रहे हैं।

Published : 
  • 25 April 2023, 6:12 PM IST

Related News

No related posts found.