हिंदी
श्रीनगर: श्रीनगर सहित कई स्थानों पर बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चले जाने के कारण सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। तापमान में गिरावट के कारण कश्मीर में शीतलहर चलने लगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम था, जो साल के इस मौसम में सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम है।
आईएमडी के मुताबिक, शहर के अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी गई। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस कम तथा पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
वहीं, उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम तथा गुलमर्ग का तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
श्रीनगर शहर सुबह-सुबह घने कोहरे से ढका हुआ था, जिससे कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों में पूरी घाटी में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
Published : 20 November 2023, 4:52 PM IST
Topics : कश्मीर घाटी जम्मू कश्मीर ठंड बर्फवारी मौसम विभाग शीतलहर श्रीनगर सर्दी
No related posts found.