हिंदी
नयी दिल्ली: रनिंदर सिंह के लंबी छुट्टी पर जाने के बाद वरिष्ठ उपाध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने गुरुवार को भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष का पदभार संभाला।
खेल मंत्रालय ने निर्देश जारी किया था कि राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) के अध्यक्ष राष्ट्रीय खेल संहिता के अनुसार 12 साल से अधिक समय तक पद पर नहीं रह सकते हैं जिसके बाद रनिंदर अवकाश पर चले गए थे। उन्हें सितंबर 2021 में फिर से एनआरएआई का अध्यक्ष चुना गया था।
मंत्रालय ने पिछले महीने बताया था कि रनिंदर ने अध्यक्ष के रूप में 29 दिसंबर, 2010 से 29 दिसंबर, 2022 तक 12 साल पूरे कर लिए थे और संहिता के अनुसार वह आगे एनआरएआई प्रमुख के पद पर नहीं रह सकते हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार एनआरएआई ने एक विज्ञप्ति में कहा कि गुरुवार को आपात वर्चुअल बैठक में सिंह देव को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया।
सिंह देव ने कहा,‘‘ मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे मैं विनम्रता पूर्वक स्वीकार करता हूं। हमारी तत्काल प्राथमिकता एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ तैयारी करना है। ’’
एनआरएआई ने कहा कि ‘‘एनआरएआई संविधान में नियमों और दिशानिर्देशों के नियम 19 के अनुसार’’ सिंह देव को यह जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया गया।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘रनिंदर के चुनाव और कार्यकाल का मामला दिल्ली उच्च न्यायालय में विचाराधीन है।’’
विज्ञप्ति के अनुसार यह वर्चुअल बैठक 40 मिनट तक चली और इसमें 35 में से 29 सदस्यों ने हिस्सा लिया।
Published : 6 April 2023, 4:01 PM IST
No related posts found.