हिंदी
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर पथराव के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पथराव की इस घटना में बजरंग दल के कम से कम 10 कार्यकर्ता घायल हो गए थे। उसने कहा कि इस मामले में 271 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार हजारीबाग ग्रामीण के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राजीव कुमार ने बताया कि मामले में हजारीबाग नगर निगम के एक वार्ड आयुक्त सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि पेलावल और कटकमसंडी थानों की छापेमारी में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक पथराव की घटना आठ अक्टूबर की रात पेलावल इलाके में उस समय हुई जब बजरंग दल के कार्यकर्ता रांची में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक मनोज रत्न छोटे ने बताया कि घटना उस समय हुई जब बस एक मस्जिद के नजदीक रुकी और बजरंग दल के कार्याकर्ताओं ने कथित तौर पर ‘जय श्री राम’ और कुछ आपत्तिजनक नारे लगाए।
उन्होंने बताया कि इसके बाद भीड़ ने कथित तौर पर बस को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया जिसमें बजरंग दल के कम से कम 10 कार्यकर्ता घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि एक घायल कार्यकर्ता को इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया है।
विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल ने अयोध्या में अगले साल जनवरी में राम मंदिर के उद्घाटन से पहले के अनुष्ठानों में लोगों को आमंत्रित करने के लिए रविवार को रांची में चार ‘शौर्य जागरण यात्रा’ निकाली थी।
Published : 11 October 2023, 5:06 PM IST
Topics : कार्यकर्ता झारखंड पथराव बजरंग दल हजारीबाग
No related posts found.