हिंदी
जमशेदपुर (झारखंड): झारखंड के जमशेदपुर शहर में सोमवार को सुबह एक कार के डिवाइडर से टकरा जाने के कारण छह लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे बिस्टुपुर पुलिस थाना क्षेत्र में सर्किट हाउस चौराहे के पास हुई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है।
सोरेन ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘जमशेदपुर में एक सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत की खबर सुनकर दुखी हूं। भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को दुख की इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति दे।’’
जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर ने बताया, ‘‘कार में पांच लोगों के बैठने की क्षमता थी लेकिन इसमें आठ लोग यात्रा कर रहे थे। कार पहले डिवाइडर और फिर सड़क किनारे लगे खंभे से टकराई।’’
उन्होंने कहा कि हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि बाकी दो घायलों का इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा कि कार की रफ्तार काफी तेज थी।
कौशल किशोर ने कहा, ‘‘टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी आठ लोग कार के अंदर फंस गए और गैस कटर की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।’’
उन्होंने बताया कि ये सभी सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित बाबा आश्रम के रहने वाले थे।
अधिकारी ने बताया कि जानकारी के मुताबिक रविवार को देर रात तक उन्होंने ‘लिट्टी (बिहार का एक प्रसिद्ध व्यंजन) पार्टी’ की।
एसएसपी ने कहा, ‘‘फिर, वे सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जमशेदपुर के लिए रवाना हुए। उनके परिवार के सदस्यों ने उन्हें यात्रा से बचने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने परिवार की बात नहीं मानी।’’
Published : 1 January 2024, 7:14 PM IST
Topics : कार डिवाइडर जमशेदपुर झारखंड दुर्घटनाग्रस्त मौत
No related posts found.