जदएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने इब्राहिम और नानू को पार्टी से निष्कासित किया: देवेगौड़ा

डीएन ब्यूरो

जद (एस) के संरक्षक एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कर्नाटक प्रदेश इकाई अध्यक्ष सी एम इब्राहिम और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी. के. नानू को 'पार्टी विरोधी गतिविधियों' के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा
पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा


बेंगलुरु: के संरक्षक एवं पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कर्नाटक प्रदेश इकाई अध्यक्ष सी एम इब्राहिम और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी. के. नानू को 'पार्टी विरोधी गतिविधियों' के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार जनता दल (सेक्युलर) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक के बाद देवेगौड़ा ने दोनों नेताओं को निष्कासित करने के फैसले की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी की छवि और हितों को नुकसान पहुंच रहा था जिसके कारण यह निर्णय लिया गया।

देवेगौड़ा ने कहा, ‘‘बेंगलुरु में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक बैठक आहूत की गई और उन्हें पार्टी से बाहर करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।’’

जद (एस) की मांड्या जिला इकाई के अध्यक्ष डी रमेश और जद (एस) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष पुनीत कुमार सिंह ने कार्यकारी बैठक में इब्राहिम और नानू को पार्टी से निष्कासित करने का प्रस्ताव पेश किया।

देवेगौड़ा ने कहा, ‘‘इन दोनों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया।’’

देवेगौड़ा के साथ, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एच डी कुमारस्वामी, पार्टी की सभी प्रदेश इकाइयों के अध्यक्ष और कार्यकारी सदस्य उपस्थित थे।

यह कार्रवाई ऐसे समय की गई है जब पार्टी से अब निष्कासित कर दिये गए पूर्व केंद्रीय मंत्री इब्राहिम ने 11 दिसंबर को बेंगलुरु में राष्ट्रीय स्तर की बैठक बुलाने की घोषणा एक दिन पहले ही की थी।

इब्राहिम ने लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करने के फैसले को लेकर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत की थी।










संबंधित समाचार