हिंदी
नई दिल्ली: राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह के निधन के बाद उनके बेटे जयंत चौधरी को पार्टी का नया अध्यक्ष चुना गया है। मंगलवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जयंत चौधरी को रालोद की कमान सौंप दी गई। जयंत चौधरी के नाम पर सभी नेताओं ने एकमत से मुहर लगाई। कोरोना संक्रमण के चलते रालोद की कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन वर्चुअल तरीके से किया गया।
रालोद कार्यकारिणी की बैठक की शुरुआत में किसान नेता चौधरी अजित सिंह को श्रद्धांजलि दी गई। अजीत सिंह की मौत पिछले दिनों कोरोना संक्रमण के कारण हुई थी। इस दौरान सभी नेताओं ने शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जयंत चौधरी को रालोद का नया अध्यक्ष चुन लिया गया।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में खासा प्रभाव रखने वाले आरएलडी के मुखिया रहे चौधरी अजित सिंह के 6 मई को निधन होने के बाद जयंत चौधरी के पार्टी अध्यक्ष मनोनीत होने की अटकलें पहले से लगाई जा रही थी। इसके बाद से ही यह पद खाली था, जिसे अब उनके बेटे ने ही संभाला है। अजित सिंह के निधन से अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया था। इससे पहले जयंत चौधरी उपाध्यक्ष के तौर पर पार्टी का कामकाज देख रहे थे। लेकिन अब आज उनको पार्टी के अध्यक्ष पद की कमान सौंप दी गई है।
लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से पोस्ट ग्रैजुएट की डिग्री हासिल करने वाले जयंत चौधरी अपने पिता अजित सिंह के अलावा दादा चौधरी चरण सिंह की विरासत को भी आगे बढ़ाएंगे।
Published : 25 May 2021, 3:56 PM IST
Topics : Jayant Choudhry अजीत सिंह अध्यक्ष उत्तर प्रदेश कार्यकरिणी बैठक किसान नेता जयंत चौधरी राष्टीय लोक दल
No related posts found.