
लखनऊ: यूपी के लाखों घरों मे जन्माष्टमी के मौके पर बिजली गुल होने के मामले में यूपी एसटीएफ की जांच में ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव अरविंद कुमार और UPPCL के एमडी एम. देवराज घिर सकते हैं।
इस मामले में यूपी सरकार ने एसटीएफ को जांच कर अपनी रिपोर्ट जल्द से जल्द देने को कहा था। जांच के क्रम में एसटीएफ की टीम शक्ति भवन के सर्वर रूम भी पहुंची। जहां कर्मचारियों से पूछताछ भी की गई। बता दें कि बीते जन्माष्टमी के मौके पर लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, गोरखपुर और मथुरा समेत कई जिलों मे घंटों तक बिजली गुल हो गई थी।
यूपी के लगभग 1.5 लाख घरों मे लगे स्मार्ट मीटरों से लाइट गुल हो गई थी। प्रदेश में जीनस कंपनी की ओर से 10 लाख के करीब घरों मे स्मार्ट मीटर लगाये जा चुके हैं। पावर कारपोरेशन लिमिटेड के अफसरों का कहना है कि अगर प्रदेश भर के 3 करोड़ घरों में बिजली सप्लाई गुल हो गई होती तो पावर ग्रिड भी फ़ेल होने की आशंका थी ।
हालांकि इस मामले में पहले ही ईईएसएल के यूपी हेड और एक इंजीनियर को निलंबित किया जा चुका है लेकिन बड़ा सवाल ये है कि इसमें ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव अरविंद कुमार और एमडी एम देवराज की जबाबदेही कब तय होगी?
Published : 19 August 2020, 11:35 AM IST
Topics : Lucknow uttar pradesh उत्तर प्रदेश गोरखपुर जन्माष्टमी बिजली गुल यूपी एसटीएफ यूपी सरकार लखनऊ वाराणसी