
जम्मू: उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने मंगलवार को जम्मू में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने डाइनामाइट न्यूज़ से खास बातचीत में कहा कि 28 हजार करोड़ की लागत से बनने वाला उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लाइन दिसंबर 2022 तक पूरा हो जाएगा।
आगे उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लाइन पर काम धीमा चल रहा था। लेकिन अब यह काम तेजी से शुरू हो गया है और उम्मीद है कि दिसंबर 2022 तक यह काम पूरा हो जायेगा।
डाइनामाइट न्यूज़ से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह काम तीन चरणों में हो रहा है। पहले चरण में 118 किलोमीटर काजीगुंड-बरमुल्ला लाइन पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही बनिहाल-काजीगुंड 18 किलोमीटर लाइन पूरी हो चुकी है और रेल सेवा पहले से ही उपयोग में है। दूसरे चरण में उधमपुर से कटरा तक 25 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है और कई ट्रेनें कटरा से चल रही हैं। तीसरे चरण में कटरा और बनिहाल के बीच बनाई जा रही रेल लाइन का काम सबसे मुश्किल काम है, क्योंकि यह रेल लाइन हिमालय के दुर्गम क्षेत्रों से होकर गुजरती है।
वहीं चिनाब नदी पर दो बड़े पुल निर्माणाधीन हैं। एक दुनिया में सबसे ऊंचा है जिसकी ऊंचाई 359 मीटर है और 12.75 किलोमीटर लंबी सबसे लंबी रेलवे सुरंग भी बनाई जा रही है।
Published : 15 December 2020, 6:17 PM IST
Topics : आशुतोष गंगल उत्तर रेलवे उधमपुर श्रीनगर जम्मू बारामुला रेलवे लाइन महाप्रबंधक संवाददाता सम्मेलन