नॉटिंघम हमले में भारतीय मूल की किशोरी समेत तीन की मौत

मध्य इंग्लैंड के नॉटिंघम में हुए सिलसिलेवार हमले के शिकार लोगों में भारतीय मूल की एक किशोरी भी शामिल है जो विश्वविद्यालय की छात्रा थी। वह प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी भी थी।

Updated : 14 June 2023, 8:11 PM IST
google-preferred

लंदन: मध्य इंग्लैंड के नॉटिंघम में हुए सिलसिलेवार हमले के शिकार लोगों में भारतीय मूल की एक किशोरी भी शामिल है जो विश्वविद्यालय की छात्रा थी। वह प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी भी थी।

मंगलवार को हुए इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई। 19 वर्षीय ग्रेसी ओमाले कुमार नॉटिंघम विश्वविद्यालय में सहपाठी एवं क्रिकेटर दोस्त बरनबी वेबर के साथ थी जब हमलावर ने मंगलवार तड़के उन दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों की मौत हो गई। हमलावर की पहचान उजागर नहीं की गई है।

नॉटिंघमशायर पुलिस ने कहा कि 31 वर्षीय संदिग्ध हिरासत में है। उसने करीब 50 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी और उसकी वैन चुरा कर तीन लोगों को कुचलने की कोशिश की जो अब भी अस्पताल में भर्ती हैं।

नॉटिंघमशायर पुलिस की मुख्य कांस्टेबल केटी मेनेल ने एक बयान में कहा, “ हम पूर्वाग्रह से मुक्त हैं और आतंकवाद रोधी पुलिस के साथ तथ्यों को स्थापित करने के लिए काम कर रहे हैं... हम इस तरह की परिस्थितियों में ऐसा करते हैं।”

उन्होंने कहा कि अधिकारियों की एक टीम इन घटनाओं से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है तथा आने वाले दिनों में सबूतों को जुटाना जारी रहेगी।

पुलिस ने पीड़ितों के नामों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया है लेकिन स्थानीय मीडिया ने कुमार के बारे में कुछ जानकारी दी है। माना जाता है कि वह लंदन में रहने वाले भारतीय मूल के डॉक्टर संजॉय कुमार की बेटी थीं। संजॉय कुमार को ‘नायक’ चिकित्सक बताया जाता है जिन्होंने 2009 में चाकू बाज़ी में जख्मी हुए कुछ किशोरों की जान बचाई थी।

लोग ग्रेसी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वह इंग्लैंड अंडर-18 हॉकी टीम के लिए खेल चुकी थी और एक क्रिकेटर भी थी।

खेल निकाय इंग्लैंड हॉकी ने कहा, ‘‘मंगलवार को नॉटिंघम में ग्रेसी कुमार की दुखद मौत की खबर से हम सभी को गहरा दुख हुआ है।”

एसेक्स में वुडफोर्ड वेल्स क्रिकेट क्लब ने ग्रेसी कुमार को 'कठोर प्रतिस्पर्धी, प्रतिभाशाली और समर्पित क्रिकेटर' बताया।

इससे पहले, नॉटिंघम विश्वविद्यालय ने अपने दो ‍‍‍‍‍विद्यार्थियों की मंगलवार को हुए हमलों में मौत की पुष्टि की थी।

कुलपति शियरर वेस्ट ने कहा, “ नॉटिंघम सिटी सेंटर में एक बड़ी घटना में हमारे दो विद्यार्थियों की मौत से हम सभी गहरे सदमे में हैं और दुखी हैं।”

अन्य मृतक बरनबी वेबर के परिवार ने एक बयान जारी कर अपना दुख जाहिर किया है।

 

Published : 
  • 14 June 2023, 8:11 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement