भारत ने जर्मनी से भारतीय बच्ची अरिहा को जल्द से जल्द वापस भेजने का आग्रह किया

भारत ने शुक्रवार को जर्मनी से उस भारतीय बच्ची को जल्द से जल्द वापस भेजने का अनुरोध किया, जो 20 महीने से अधिक समय से बर्लिन में बाल देखभाल गृह में रह रही है।

Updated : 2 June 2023, 9:33 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: भारत ने शुक्रवार को जर्मनी से उस भारतीय बच्ची को जल्द से जल्द वापस भेजने का अनुरोध किया, जो 20 महीने से अधिक समय से बर्लिन में बाल देखभाल गृह में रह रही है।

भारत ने इस बात पर जोर दिया कि बच्ची का उसके भाषाई, धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परिवेश में रहना महत्वपूर्ण है।

जर्मन अधिकारियों ने 23 सितंबर, 2021 को सात महीने की अरिहा शाह को यह आरोप लगाते हुए अपनी देखरेख में ले लिया था कि माता-पिता ने उसे परेशान किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि अरिहा का लगातार जर्मनी के बाल देखभाल गृह में रहना उसके सामाजिक, सांस्कृतिक और भाषाई अधिकारों का ‘‘उल्लंघन’’ है जो भारत सरकार और उसके माता-पिता के लिए गहरी चिंता का विषय है।

बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर अरिहा को वापस घर लाने के मामले में मदद मांगी थी।

एक सवाल के जवाब में बागची ने कहा, ‘‘हम यह दोहराना चाहते हैं कि अरिहा शाह एक भारतीय नागरिक है और उसकी राष्ट्रीयता और सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि सबसे महत्वपूर्ण निर्धारक है, जहां उसका पालन-पोषण किया जाना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम जर्मन अधिकारियों से अरिहा को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए हर संभव प्रयास करने का आग्रह करते हैं, जो एक भारतीय नागरिक के रूप में उसका अधिकार भी है।’’

बागची ने कहा कि विदेश मंत्रालय और बर्लिन में भारतीय दूतावास अरिहा की स्वदेश वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

 

Published : 
  • 2 June 2023, 9:33 PM IST

Related News

No related posts found.