नौसेना के लिए फ्रांस से राफेल विमान और तीन स्कॉर्पीन पनडुब्बी खरीदने की तैयारी में भारत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस सप्ताह पेरिस यात्रा से पहले भारत नौसेना के लिए फ्रांस से 26 राफेल विमान और तीन स्कॉर्पीन पनडुब्बियों की खरीद के लिए जमीनी कार्य को अंतिम रूप दे रहा है। घटनाक्रम से अवगत लोगों ने यह जानकारी दी।

Updated : 11 July 2023, 7:40 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस सप्ताह पेरिस यात्रा से पहले भारत नौसेना के लिए फ्रांस से 26 राफेल विमान और तीन स्कॉर्पीन पनडुब्बियों की खरीद के लिए जमीनी कार्य को अंतिम रूप दे रहा है। घटनाक्रम से अवगत लोगों ने यह जानकारी दी।

लोगों ने कहा कि दोनों पक्ष एक समझौते पर मुहर लगाने के करीब पहुंच गए हैं, जिसके तहत फ्रांस की प्रमुख रक्षा कंपनी ‘सफरान’ और एक भारतीय कंपनी संयुक्त रूप से भारत में एक विमान इंजन विकसित करेगी।

पता चला है कि रक्षा मंत्रालय के रक्षा खरीद बोर्ड (डीपीबी) ने प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली रक्षा अधिग्रहण परिषद (डीएसी) जल्द ही खरीद प्रस्तावों पर विचार करेगी।

लोगों ने कहा कि मोदी की फ्रांस यात्रा के दौरान भारत और फ्रांस बड़ी रक्षा परियोजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। भारतीय नौसेना स्वदेश में निर्मित विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत के लिए डेक-आधारित 26 लड़ाकू विमान खरीदने पर विचार कर रही है।

नौसेना ने एक लंबी प्रक्रिया के बाद खरीद के लिए बोइंग के एफ/ए-18 सुपर हॉर्नेट और फ्रांसीसी एयरोस्पेस कंपनी ‘डसॉल्ट एविएशन’ के राफेल-एम विमान का चुनाव किया था। पता चला है कि राफेल-एम के नाम पर मुहर लग गई है।

भारत पहले ही वायुसेना के लिए फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीद चुका है।

 

Published : 
  • 11 July 2023, 7:40 AM IST

Related News

No related posts found.