हिंदी
नई दिल्ली: भारत हिंसा प्रभावित सूडान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न देशों के साथ करीबी समन्वय कर रहा है। सरकारी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि उस देश में जमीनी हालात गंभीर हैं और इस समय लोगों की आवाजाही जोखिम भरी होगी।
सूडान में पिछले छह दिन से देश की सेना और एक अर्धसैनिक समूह के बीच घातक संघर्ष जारी है, जिसमें कथित तौर पर करीब 100 लोग मारे जा चुके हैं।
सूत्रों ने बताया कि भारत की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि आवाजाही सुरक्षित हो और लोग जहां कहीं भी हों, सही हों।
उन्होंने कहा कि अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सूडान में अहम भूमिका है और भारत उसी के अनुसार उनसे बातचीत कर रहा है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इससे पहले सऊदी अरब और यूएई के अपने समकक्षों से बात की थी।
सूत्रों के अनुसार, दोनों विदेश मंत्रियों ने जयशंकर को जमीनी स्तर पर व्यावहारिक समर्थन मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि भारत संयुक्त राष्ट्र के साथ भी काम कर रहा है, जिसकी सूडान में पर्याप्त उपस्थिति है।
सूत्रों के मुताबिक, विदेश मंत्रालय और सूडान की राजधानी खार्तूम स्थित भारतीय दूतावास अफ्रीकी देश में स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘सुरक्षा कारणों के चलते हम विशिष्ट विवरण नहीं दे सकते।’’
Published : 19 April 2023, 10:35 AM IST
No related posts found.