मेरठ मे दर्द से तड़पता रहा मासूम, तीमारदारों को दौड़ाकर पीटते रहे डॉक्टर, मुकदमा दर्ज तीन जूनियर डॉक्टर निलंबित

मेरठ मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में एक मरीज के तीमारदारों से मारपीट के आरोप में तीन जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 24 October 2023, 1:41 PM IST
google-preferred

मेरठ: मेरठ मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में एक मरीज के तीमारदारों से मारपीट के आरोप में तीन जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार ने मंगलवार को  बताया कि सोमवार रात कमालपुर गांव के निवासी देवेन्द्र के घर आये उसके एक रिश्तेदार के बेटे कुणाल (पांच) के हाथ की उंगलियां एक मशीन में फंस जाने से चोटिल हो गई थीं। परिजन उसका इलाज करने के लिए उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में लेकर गए थे।

कुमार ने बताया कि आरोप है कि इमरजेंसी वार्ड में मौजूद चार-पांच डाक्टरों ने बच्चे का उपचार शुरू किया और इस दौरान बच्चों के रोने पर परिजन ने डॉक्टर से उसका ठीक तरीके से इलाज करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस पर डॉक्टर भड़क गए और बात बढ़ने पर तीमारदारों से मारपीट की। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी जूनियर डॉक्टर भाग गए।

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर आया, जिसमें जूनियर डॉक्टर गालीगलौज करते हुए एक महिला समेत तीमारदारों की लात—घूंसों से बुरी तरह पिटाई कर रहे हैं।

कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी डाक्टरों के खिलाफ बलवा करने, मारपीट तथा धमकी देने के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।

मेडिकल कालेज के प्राचार्य डाक्टर आर.सी.गुप्ता ने बताया कि बच्चे के अंगूठे में चोट लगी थी। उन्होंने बताया कि अंगूठे पर बंधी पट्टी खोलकर घाव देखा जा रहा था और उसकी गहराई जानने के लिए फोटो ली जा रही थी। तभी मोबाइल छीनने पर कहासुनी शुरु हुई और मारपीट हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आया। वीडियो को संज्ञान में लेते हुए तीन जूनियर डाक्टरों अभिषेक, आदित्य और अब्दुल मन्नान को निलंबित कर जांच समित गठित कर दी गई है।

Published : 
  • 24 October 2023, 1:41 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement