यूरोप में हमारी सोच से 50 हजार साल पहले से आग का इस्तेमाल कर रहे थे मनुष्य, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

डीएन ब्यूरो

मानव इतिहास आग के इस्तेमाल और नियंत्रण से घनिष्ठ रूप से जुड़ा हुआ है। हालांकि आग से हमारा संबंध कब शुरू हुआ और बाद में यह कैसे विकसित हुआ, यह पता लगाना बेहद कठिन रहा है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

हेरियट-वाट यूनिवर्सिटी
हेरियट-वाट यूनिवर्सिटी


एडिनबर्ग: मानव इतिहास आग के इस्तेमाल और नियंत्रण से घनिष्ठ रूप से जुड़ा हुआ है। हालांकि आग से हमारा संबंध कब शुरू हुआ और बाद में यह कैसे विकसित हुआ, यह पता लगाना बेहद कठिन रहा है।

यह आंशिक रूप से पूरे पुरातात्विक रिकॉर्ड न होने और इस वजह से हुआ कि आग का इस्तेमाल क्षणिक था जिससे जले हुए अवशेषों का पता लगाना मुश्किल है।

लेकिन हमारे दल को 2,50,000 साल पहले स्पेन में एक स्थान पर मनुष्यों के पूर्वजों या वनमानुष द्वारा आग के नियंत्रित इस्तेमाल के सबूत मिले हैं।

यह यूरोप में आग नियंत्रण के शुरुआती सबूतों से 50,000 साल पुरानी बात है। यह अध्ययन ‘नेचर साइंटिफिक रिपोर्ट्स’ में प्रकाशित हुआ है। मनुष्यों के पूर्वजों तथा आग के अवशेषों का एक ही स्थान पर मिलना वाकई खास है।

यूरोप के बाहर मनुष्यों द्वारा प्राकृतिक आग का इस्तेमाल करने के सबसे पुराने सबूत दक्षिण अफ्रीका में स्वार्टक्रान गुफा से मिलते हैं जहां 10 से 15 लाख वर्ष पहले पशुओं की सैकड़ों जली हुई हड्डियों के साथ वनमानुष के अवशेष पाये गये।

मनुष्यों द्वारा जलाई आग के सबसे शुरुआती सबूतों से लगभग एक लाख साल आगे : इजराइल में 7,90,000 साल पुरानी ग्रेशर बेनोट याआकोव नामक एक खुली जगह है। इस स्थान पर मिले साक्ष्यों में जले हुए पौधे और पत्थर के जले हुए औजार शामिल हैं।

इजराइल में क्वेसेम गुफा और ताबुन गुफा जैसे अन्य स्थानों पर ही आग जलाये जाने के ऐसे ही सबूत मिले हैं।

यूरोप में आमतौर पर यह स्वीकार किया जाता है कि वनमानुष ने कम से कम 3,50,000 साल पहले आग का नियमित रूप से इस्तेमाल किया। कुछ संकेत मिले हैं कि अग्नि नियंत्रण का संबंध एश्यूलिन नामक पत्थर औजार तकनीक के विस्तार से जुड़ा है।

दरअसल, 4,50,00 और 2,50,000 वर्ष के बीच कई यूरोपीय स्थलों पर प्रागैतिहासिक ‘‘चूल्हों’’ या भट्ठी और जले हुए एश्यूलिन कलाकृतियों जैसे कि एक प्रकार के चमकीले पत्थर से बनी कुल्हाड़ी और चर्ट नामक अवसादी शैल में वृद्धि हुई है।

फिर भी इस पर विश्वास करने की कुछ वजह है कि ये संबंध प्राकृतिक उत्पत्ति के हैं- उदाहरण के लिए, वन्य आग या बिजली कड़कने से। नए सबूतों से पहले यूरोप में अग्नि नियंत्रण के सबसे पुराने स्पष्ट सबूत फ्रांस में मेनेज-द्रेगन और स्पेन में बोलोमर गुफा से मिलते हैं जो लगभग 2,00,000 साल पुराने हैं।

नया कीर्तिमान :

स्पेन में वाल्दोकैरोस द्वितीय स्थल से नए सबूत करीब 2,50,000 साल पुराने हैं जो आग के साथ हमारे प्राचीन संबंध को समझने के लिए नया कीर्तिमान स्थापित करते हैं।

लिपिड बायोमार्कर्स अणुओं के अवशेष हैं जो विशेष स्रोतों से आए हैं जैसे कि खास प्रकार की लकड़ी और आग जैसे प्रक्रियाओं द्वारा छोड़े गए अवशेष।

ऐसा लगता है कि वाल्दोकैरोस द्वितीय स्थल पर आग का इस्तेमाल भोजन पकाने जैसी गतिविधियों के लिए किया गया होगा। इस स्थल पर स्तनधारियों का एक समृद्ध जीवाश्म रिकॉर्ड है।

अत: इस स्थल पर वनमानुषों द्वारा आग को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक सभी चीजों का इस्तेमाल देखा गया। यह स्थल सबसे पुराना नहीं है और न ही यह नियंत्रित आग का पहला उदाहरण है। इसके बजाय यह मानव विकास की प्रक्रिया में एक अहम उपलब्धि है।










संबंधित समाचार