
नोएडा: दिल्ली से सटे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के दादरी में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह सड़क हादसे घायल कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि तीनों की कार को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी और घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस के प्रवक्ता ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे दादरी थाना क्षेत्र के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर डासना की ओर जाते समय एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में संजीव (25), प्रखर (25), हनी (22) गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को दादरी के एक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उन्हें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। तीनों बुलंदशहर जिले के निवासी थे।
उन्होंने बताया कि गाड़ी में करीब तीन लाख रुपये की नकदी रखी थी, जिसे पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Published : 25 June 2023, 12:30 PM IST
Topics : Delhi NCR Eastern Peripheral Expressway ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे एनसीआर दिल्ली सड़क हादसा