हिंदी
नई दिल्ली/लखनऊ: दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता, लखनऊ सहित प्रमुख शहरों में सुबह होते ही युवाओं की टोलियां रंग-बिरंगे चेहरे में सड़कों पर निकल पड़ी हैं। लोग एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलावा वाराणसी, मथुरा, वृंदावन, इलाहाबाद और अन्य शहरों में भी लोगों ने जमकर होली खेली। होली का खुमार तो बुधवार की रात होलिका दहन के साथ ही छाने लगा था। गुरुवार को सुबह से ही हर तरफ टोलियां नजर आने लगीं और लोग एक दूसरे को रंग अबीर तथा गुलाल लगाने में जुटे हैं।

प्रत्येक वर्ष के फाल्गुन माह की पूर्णिमा को मनाया जाने वाले होली के त्योहार पर हर शहर, नुक्कड़ और हर गली में 'बुरा न मानो होली है' की गूंज सुनाई दे रही है। रंग लगाने के लिए लोग टोलियां बनाकर सड़कों पर निकल रहे हैं। रंग लगाकर ढोल की धुनों और तेज संगीत पर नाचते लोग होली का जश्न मनाते दिख रहे हैं। अमिताभ बच्चन का रंग बरसे भीगे चुनरवाली गाना हर नुक्कड़ पर सुनाई दे रहा है।
होली के इस त्योहार पर क्या बच्चे, क्या युवा सभी रंगों में रंगे नजर आ रहे हैं। आपसी गिले-शिकवे भूलाकर लोग एक-दूसरे से गले मिलकर भाईचारे और सद्भाव का इजहार कर रहे हैं।

होली पर सिर्फ रंग, पिचकारी और गुब्बारों का ही महत्व नहीं है, बल्कि किचन में बनने वाले पकवान भी लोगों के दिल में अपनी एक अलग ही जगह रखते हैं। रंगों में सरोबार लोगों को घरों में बन रही गुझिया और अन्य पकवानों का स्वाद होली के आनंद को दोगुना कर रहा है।
Published : 21 March 2019, 9:39 AM IST
No related posts found.