हिंदी
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की शुक्रवार देर रात गोली लगने से मौत हो गई। घटना उनके घर पर हुई, जब वह अपने लाइसेंसी पिस्टल की सफाई कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, पिस्टल से अचानक गोली चल गई, जो विधायक के सिर को पार कर गई। परिवार के सदस्य और सुरक्षा कर्मी उन्हें तुरंत दयानंद मेडिकल अस्पताल (DMC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र जोरवाल और पुलिस कमिश्नर कुलदीप चहल अस्पताल पहुंचे। एडीसीपी जसकरण सिंह तेजा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिवार को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों को लेकर फिलहाल जांच चल रही है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना लग रही है।
खून से लथपथ पाए गए विधायक
शुक्रवार रात को गोगी बुड्ढा दरिया में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौटे थे। कुछ समय बाद उनके कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और नौकर वहां पहुंचे। विधायक जमीन पर खून से लथपथ हालत में पाए गए। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह पिस्टल साफ कर रहे थे, जब यह हादसा हुआ।
AAP से पहले कांग्रेस में थे गोगी
गुरप्रीत बस्सी गोगी ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में लुधियाना पश्चिम सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को हराया था। आप से जुड़ने से पहले गोगी करीब 23 साल तक कांग्रेस के सदस्य रहे। वह तीन बार नगर निगम के पार्षद और 2014 से 2019 तक कांग्रेस के जिला प्रधान भी रह चुके थे।
गोगी को कांग्रेस सरकार के दौरान पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (PSIEC) के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। उनकी पत्नी डॉ. सुखचैन बस्सी भी पार्षद रह चुकी हैं।
गोगी के आकस्मिक निधन पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं:
Published : 11 January 2025, 8:43 AM IST
Topics : Gurpreet Bassi Gogi Gurpreet Bassi Gogi Death ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashEkMulaqat ManojTibrewalAakashIASTopper ManojTibrewalAakashInterview ManojTibrewalAakashJournalist Punjab News Punjab Politics Who was Gurpreet Bassi Gogi