हिंदी
शिमला/नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता में वापसी कर ली है। गुरूवार को सामने आये चुनाव नतीजों में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज कर अकेले दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। भाजपा को यहां बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा। सत्ताधारी भाजपा के खाते में महज 25 सीटें ही आई। हिमाचल में बड़ी जीत हासिल करने वाली कांग्रेस ने अब वहां सरकार गठन की कवायद को तेज कर दिया है। आज शुक्रवार दोपहर बाद तीन बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें विधायक दल के नेता और सरकार गठन को लेकर मंथन होगा।
हिमाचल में नई सरकार के गठन के साथ ही अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। इस दौड़ में हिमाचल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक में आज प्रतिभा सिंह के नाम को आगे रखा जा सकता है।
प्रतिभा सिंह कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी है। वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे। प्रतिभा सिंह ने 1998 में ही सक्रिय राजनीति में कदम रखा था।
प्रतिभा सिंह हिमाचल की मंडी लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद हैं। वह पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की गुडबुक वाली नेता भी हैं। प्रतिभा सिंह अगर हिमाचल की मुख्यमंत्री बनती हैं, तो उनका नाम किसी राज्य में पति-पत्नी के सीएम बनने वाली लिस्ट में शामिल हो जाएगा।
Published : 9 December 2022, 11:45 AM IST
No related posts found.