हिंदी
पटना: बिहार के चार जिलों, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और सुपौल में मौसम में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकता है। इन जिलों में एक या दो स्थानों पर तेज हवाएं चलने के साथ-साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे स्थानीय लोगों को सूचित किया गया है कि उन्हें मौसम में संभावित उतार-चढ़ाव के प्रति सतर्क रहना चाहिए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार आगामी 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। सोमवार को पटना और आसपास के क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया। हालांकि आंशिक रूप से बादल छाए रहने से यहां के तापमान में कुछ राहत मिली।
इसके पीछे पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव नजर आ रहा है, जो पश्चिम हिमालय क्षेत्र में सक्रिय है। इसके अलावा, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में हवा का चक्रवात और निम्न दबाव का क्षेत्र भी बना हुआ है, जिससे बिहार के मौसम में बदलाव आया है।
बिहार के मधेपुरा में मौसम का हाल
सोमवार को मधेपुरा में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से चार डिग्री अधिक है। पटना में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं डेहरी में 40.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने की आम जनता से अपील
मौसम में होने वाले बदलाव के चलते मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने आम जनमानस से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और सुरक्षित स्थानों पर जाकर गाड़ियां खड़ी करें। बिजली चमकने व गरज के छींटों के समय पेड़ के नीचे नहीं जाना चाहिए। तेज हवा के समय नावों से आवागमन करने से बचें।
किसान बंधुओं को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की देखभाल अच्छी तरह से करें और खलिहानों में पड़े अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रख लें। इस दौरान, पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर रखना अत्यधिक महत्वपूर्ण है।
बिहार के मुख्य शहरों में जानें मौसम का हाल
मुख्य शहरों में हाल के मौसम के कारण तापमान में यथास्थिति के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई। पटना में अधिकतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस, सासाराम में 2.2 डिग्री, बक्सर में 3.6 डिग्री, भोजपुर में 2.5 डिग्री, बेगूसराय में 5 डिग्री और अन्य शहरों जैसे समस्तीपुर, गोपालगंज, जमुई और दरभंगा में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली है।
Published : 8 April 2025, 6:22 PM IST
Topics : Biharnews Dyanmitenews HindiNews LatestNews Patnanews patnaWeatherupdate weathernews weatherupdate
No related posts found.