देश में पहले ‘मनोहर पर्रिकर युवा वैज्ञानिक पुरस्कार’ की घोषणा, जानिये किस वैज्ञानिक का हुआ चयन

गोवा सरकार द्वारा स्थापित पहला ‘मनोहर पर्रिकर युवा वैज्ञानिक पुरस्कार’ अगले महीने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के यू.आर. राव सैटेलाइट सेंटर के डॉ. मथवराज एस. को प्रदान किया जाएगा।

Updated : 18 November 2023, 5:42 PM IST
google-preferred

पणजी: गोवा सरकार द्वारा स्थापित पहला ‘मनोहर पर्रिकर युवा वैज्ञानिक पुरस्कार’ अगले महीने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के यू.आर. राव सैटेलाइट सेंटर के डॉ. मथवराज एस. को प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने यह घोषणा की।

डॉ. अनिल काकोडकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने पुरस्कार के लिए डॉ. मथवराज का चयन किया, जिन्होंने चंद्रयान -3 मिशन के संचालित अवरोहण प्रक्षेपवक्र को डिजाइन किया था।

सावंत ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “पहले मनोहर पर्रिकर युवा वैज्ञानिक पुरस्कार की घोषणा हो गई है। युवा वैज्ञानिकों के चयन की विशेषज्ञ समिति की अध्यक्षता करने वाले डॉ. अनिल काकोडकर ने आज शाम मुझे परिणाम सौंप दिए हैं। यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि यह पुरस्कार उस व्यक्ति को दिया गया है जिसने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने वाले ‘चंद्रयान-3’ मिशन के संचालित अवरोहण (उतरत समय के) प्रक्षेपपथ को डिजाइन किया था।”

उन्होंने कहा, “पुरस्कार प्राप्तकर्ता इसरो के यू.आर. राव सैटेलाइट सेंटर के डॉ. मथवराज एस. हैं। कुल 106 आवेदक थे, जिनमें से 14 की संक्षिप्त सूची बनाई गई थी।”

सावंत ने कहा, पुरस्कार में पांच लाख रुपये और एक प्रशस्ति पत्र शामिल है, जो वर्तमान में विज्ञान और प्रौद्योगिकी में सर्वोच्च नकद पुरस्कार है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह पुरस्कार 13 दिसंबर 2023 यानी हमारे प्रिय डॉ. मनोहर पर्रिकर (भाई) की जयंती पर एनआईओ में मनोहर पर्रिकर विज्ञान महोत्सव में प्रदान किया जाएगा।”

No related posts found.