हिंदी
बलिया: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की उत्तर प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि घोसी उपचुनाव का परिणाम आते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से जुड़ी पार्टियों के टूटकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव एलायंस) से जुड़ने सिलसिला शुरू हो जाएगा।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार सिंह ने यहां जिला मुख्यालय पर संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया कि घोसी विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी और ‘इंडिया’ गठबंधन की जीत होगी। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव से भाजपा की विदाई का बिगुल बज चुका है और 2024 में सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है।
सिंह ने दावा किया कि घोसी उपचुनाव का नतीजा आते ही राजग के घटक दलों का टूट कर ‘इंडिया’में शामिल होने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि 2024 में केन्द्र में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनते ही उत्तर प्रदेश में भी सत्ता परिवर्तन होगा, क्योंकि राज्य के सैकड़ों विधायक विपक्षी गठबंधन के सम्पर्क में हैं।
जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने पर समूचा विपक्ष एकजुट होगा। फिलहाल जो गैर-राजग दल ‘इंडिया’ से अलग हैं, वो भी चुनावी अधिसूचना जारी होने के बाद विपक्षी गठबंधन के साथ आ जाएंगे।
Published : 7 September 2023, 6:13 PM IST
No related posts found.