Kalyan Singh: नरौरा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन होंगे कल्याण सिंह, अंतिम यात्रा में उमड़ी भारी भीड़, देखिये तस्वीरें

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह अपनी यात्रा पर निकल चुके हैं। थोड़ी ही देर बाद बुलंदशहर के नरौरा घाट पर उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो जायेगा। वहां उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही है। पूरी रिपोर्ट

Updated : 23 August 2021, 10:44 AM IST
google-preferred

लखनऊ: देश के प्रमुख राजनीतिक पुरोधाओं में शामिल यूपी के पूर्व सीएम और राजस्थान के पूर्व गवर्नर स्वर्गीय कल्याण सिंह अब अपने अंतिम सफर पर निकल चुके हैं। कल्याण सिंह का कल शनिवार को लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया था। कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार आज अबसे थोड़ी देर बाद बुलंदशहर जिले के नरौरा घाट पर गंगा किनारे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।   डिबाई जिला प्रशासन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा हुआ है। 

कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेता और गणमान्य लोग भी शामिल होंगे। 

कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को कल लखनऊ से अलीगढ़ लाया गया था, जहां उनके पार्थिव शरीर को महारानी अहिल्याबाई होलकर स्टेडियम में अंतिम दर्शन  के लिये रखा गया था। यहां भी उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सीएम योगी खुद कल्याण सिंह के पार्थिव देह के साथ अलीगढ़ पहुंचे। 

उनके पार्थिव शरीर को अब अलीगढ़ से अतरौली ले जाया जा रहा है। बुलंदशहर के नरौरा घाट पर गंगा किनारे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।  यहां भी अंतिम संस्कार में भाग लेने वाले लोगों की बड़ी भीड़ मौजूद है। 

इससे पहले रविवार को कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को लखनऊ स्थित उनके निजी आवास, विधानसभा और  भाजपा प्रदेश पार्टी कार्यालय में रखा गया था। दिन भर श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ लगी रही। पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों और गणमान्य लोगों द्वारा कल्याण सिंह श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद उनके पार्थिव शरीर को बापू भवन ,महाराणा प्रताप, चारबाग, आलमबाग होते हुए चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट ले जाया गया, जहां से एयर एंबुलेंस के माध्यम से उनके पार्थिव शरीर अलीगढ़ स्थित उनके पैतृक निवास ले जाया गया।

पीएम मोदी के अलावा  भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने दिल्ली से लखनऊ पहुंचकर कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले सीएम योगी, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राजा भैया, मायावती समेत कई दिग्गज नेताओं ने कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने वालों में कई विपक्षी नेता भी शामिल रहे। 

Published : 
  • 23 August 2021, 10:44 AM IST

Related News

No related posts found.