पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष चुने गये

वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को बुधवार को सर्वसम्मति से मध्य प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 20 December 2023, 1:00 PM IST
google-preferred

भोपाल:  वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को बुधवार को सर्वसम्मति से मध्य प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया।

नवनिर्वाचित विधानसभा का पहला सत्र सोमवार को शुरू हुआ।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को 66 वर्षीय तोमर को विधानसभा अध्यक्ष के रूप में चुने जाने का प्रस्ताव रखा, जिसका विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने समर्थन किया।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी तोमर को स्पीकर चुने जाने का प्रस्ताव रखा, जिसका पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने समर्थन किया।

विपक्षी कांग्रेस विधायक अजय सिंह, जयवर्धन सिंह और राजेंद्र कुमार सिंह सहित पांच और प्रस्ताव भी तोमर के पक्ष में पेश किये गये।

प्रस्ताव के ध्वनि मत से पास होने के बाद अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) गोपाल भार्गव ने तोमर को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष घोषित किया।

तोमर ने विपक्षी कांग्रेस के समर्थन से सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को तोमर को बधाई दी और सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनने के लिए विपक्ष को भी धन्यवाद दिया।

यादव ने कहा कि तोमर सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच समान रूप से लोकप्रिय रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री चौहान और अन्य नेताओं ने भी तोमर को बधाई दी।

हाल में संपन्न मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में तोमर नरसिंहपुर विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए हैं ।

 

Published : 
  • 20 December 2023, 1:00 PM IST

Related News

No related posts found.