
चंडीगढ़: पूर्व केंद्रीय मंत्री और चंडीगढ़ के पूर्व सांसद हरमोहन धवन का लंबी बीमारी के बाद शनिवार शाम को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। आम आदमी पार्टी (आप) नेता प्रदीप छाबड़ा ने यह जानकारी दी।
धवन 83 वर्ष के थे।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार कांग्रेस के पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद सत्यपाल जैन समेत कई नेताओं ने धवन के निधन पर दुख जताया।
बंसल ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि धवन का निधन शहर के लिए बड़ी क्षति है।
वरिष्ठ भाजपा नेता और भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन ने धवन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने चंडीगढ़ के लोगों, विशेषकर समाज के वंचित वर्गों के विकास और कल्याण के लिए काम किया।
यह भी पढ़ें: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता डा. शिव प्रताप यादव का गुरुग्राम में निधन
धवन 1989 में चंडीगढ़ के सांसद चुने गए थे। वह चंद्र शेखर सरकार में नागरिक उड्डयन मंत्री भी रहे।
धवन बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा), कांग्रेस और भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक संगठनों से जुड़े रहे।
धवन 2018 में आप में शामिल हो गए थे। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ सीट से चुनाव भी लड़ा था लेकिन हार गए।
Published : 28 January 2024, 3:07 PM IST
Topics : Chandigarh MP Harmohan Dhawan passes away Union Civil Aviation Minister चंडीगढ़ निधन पूर्व केंद्रीय मंत्री पूर्व सांसद मोहाली हरमोहन धवन