Happy Birthday Dr. Manmohan Singh: पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का 91वां जन्मदिन आज, सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता, जानिये उनसे जुड़ी खास बातें

देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह आज अपना 91वां जन्मदिन मना रहे हैं। जन्म दिन के खास मौके पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 26 September 2023, 11:28 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह आज अपना 91वां जन्मदिन मना रहे हैं। जन्म दिन के खास मौके पर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने मनमोहन सिंह को बधाई दी और उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। देश के आम लोग भी इस मौके पर पीएम के रूप में देश के लिए मनमोहन सिंह के योगदान को याद कर रहे हैं।

देश में किए आमूलचूल आर्थिक सुधार

मनमोहन सिंह आज 91 साल के हो गए और विश्व में उनकी पहचान एक प्रमुख अर्थशास्त्री के रूप में भी का जाती है। 1990 के दशक में देश में आमूलचूल आर्थिक सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने वाले मशहूर अर्थशास्त्री सिंह 10 साल तक भारत के प्रधानमंत्री रहे।

पीएम मोदी ने दी बधाई

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा, 'पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं आपके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।'

राजनीति में सादगी और शालीनता का दुर्लभ उदाहरण

पीएम मोदी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन पर मैं हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। वह राजनीति में सादगी, गरिमा और शालीनता का एक दुर्लभ उदाहरण हैं। एक सच्चे राजनेता प्रधानमंत्री, जिनके कार्य उनके शब्दों से अधिक बोलते हैं, हम राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के लिए हमेशा आभारी हैं। उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबे जीवन की कामना करता हूं।''

राष्ट्र निर्माण और जनता का आर्थिक उत्थान

राहुल गांधी ने कहा, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की सत्यनिष्ठा तथा राष्ट्र निर्माण और जनता के आर्थिक उत्थान के प्रति अटूट प्रतिबद्धता मेरे लिए सदैव प्रेरणा बनी रहेगी। उनके जन्मदिन पर उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशी की कामना करता हूं।'

दो बार देश के प्रधानमंत्री और RBI के गवर्नर

मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 तक दो कार्यकाल में देश के प्रधानमंत्री के तौर पर काम किया। प्रधानमंत्री पद संभालने से पहले उन्होंने 1982 से लेकर 1985 तक रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर के तौर पर काम किया। वह पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हाराव की सरकार में वित्त मंत्री भी रहे। भारत में 1991 में आर्थिक उदारीकरण लाने में उनका बड़ा हाथ रहा। उनकी वजह से देश में 'लाइसेंस राज' समाप्त हो पाया।

पढ़ाई-लिखाई

मनमोहन सिंह ने पंजाब यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और फिर आगे की शिक्षा के लिए वह ब्रिटेन चले गए. ब्रिटन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से उन्होंने अर्थशास्त्र में फर्स्ट क्लास से अपनी डिग्री हासिल की। पूर्व प्रधानमंत्री ने 1962 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में डी.फिल पूरा किया। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के फैकल्टी मेंबर के तौर पर भी काम किया।

कई प्रमुख पदों पर किया काम

1970 और 1980 के दशक के दौरान मनमोहन सिंह ने भारत सरकार में कई प्रमुख पदों पर काम किया।

विश्व मेें आर्थिक सुधारों के लिए रहे मशहूर

UNCTAD सचिवालय में थोड़े वक्त तक काम करने के बाद उन्होंने 1987 और 1990 के बीच जिनेवा में दक्षिण आयोग के महासचिव के रूप में कार्य किया। उन्हें विश्व में कई आर्थिक सुधारों के लिए भी जाना जाता है।

ब्रिटिश इंडिया के पंजाब प्रांत में जन्म

पूर्व पीएम और कांग्रेस नेता सिंह का  जन्म 26 सितंबर, 1932 को ब्रिटिश इंडिया के पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में हुआ था। ये जिला अब पाकिस्तान में आता है।

No related posts found.