हिंदी
मेदिनीनगर: झारखंड के पलामू जिले में 22 महीने पहले शराब बेचने को लेकर हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक महिला समेत पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। यह जानकारी पुलिस के एक अधिकारी ने दी।
पुलिस के अनुसार हत्या की यह घटना शराब के व्यवसाय की प्रतिद्वंदिता में 22 जुलाई 2021 को छत्तरपुर थानान्तर्गत लोहराही गांव के समीप दबघटवा पोखर में हुई थी। पुलिस के अनुसार इस घटना में शराब विक्रेता महिला शांति देवी (35) को गला दबा कर मार डाला गया था।
पुलिस के अनुसार इस मामले का खुलासा एक अन्य मामले की जांच के दौरान उस समय हुआ जब पुलिस ने 21 जुलाई 2022 को अपहरण एवं फिरौती के मामले इम्तेयाज अंसारी (27) और कन्हाई कुमार (22) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने महिला की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने संवाददाताओं को बताया कि दो महिलाएं अपने इलाके में अलग-अलग जगहों पर शराब का कारोबार करती थीं। उन्होंने बताया कि इसमें शांति देवी का कारोबार वैजयंती देवी (34) के व्यवसाय से ज्यादा चलता था, जिससे उसने इर्ष्यावश अपने ननदोई अजय राम (36) के साथ मिल कर उसकी हत्या की साजिश रची।
उन्होंने बताया कि इस षड्यंत्र को अंजाम देने में वैजयंती देवी के दुकान में शराब पीने वाले सहजाद पावरिया (22) भी शामिल था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों महिला शराब विक्रेता महुआ से शराब बना कर स्थानीय स्तर पर इसका व्यवसाय करती थीं, जिसमें प्रतिद्वंदिता के चलते एक ने दूसरे की हत्या कर दी।
Published : 27 May 2023, 12:34 PM IST
No related posts found.