हिंदी
फतेहपुर: साइबर क्राइम पुलिस थाना, फतेहपुर ने संगठित साइबर अपराध में संलिप्त गिरोह की महिला सदस्य गरिमा सिंह को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई। गिरोह ने कई पीड़ितों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर पैसे हड़पने के मामले को अंजाम दिया था।
बैंक खातों से निकाली धनराशि
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्ता गरिमा सिंह (25), निवासी ओम विहार फेस-2, उत्तमनगर, नई दिल्ली, एम.कॉम की छात्रा है और साइबर अपराध के एक सक्रिय गिरोह की सदस्य है। इस गिरोह ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पीड़ितों के बैंक खातों से धनराशि निकालने, चेकबुक और एटीएम प्राप्त करने के साथ-साथ मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी लिंक कराकर यूपीआई के जरिए फर्जी लेनदेन किए हैं।
अन्य सदस्य भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का एक अन्य सदस्य विशाल शर्मा को पहले ही गाजियाबाद से गिरफ्तार किया जा चुका है और वह वर्तमान में जिला कारागार फतेहपुर में बंद है।
इस तरह करते हैं धोखाधड़ी
गिरोह के सदस्य नकली दस्तावेजों के जरिए पीड़ितों के नाम पर बैंक खातों और इंश्योरेंस पॉलिसियों में नामिनी बनकर धोखाधड़ी कर रहे थे। गिरोह के सदस्य मोबाइल नंबरों के डुप्लीकेट सिम प्राप्त कर खातों से अवैध रूप से धनराशि अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे।
गरिमा सिंह इससे पहले वर्ष 2023 में साइबर धोखाधड़ी के ही एक मामले में हापुड़ से गिरफ्तार होकर जेल जा चुकी है।
गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी और कूटरचना के अपराध शामिल हैं।
Published : 7 October 2024, 6:33 PM IST
No related posts found.